कोर्ट ने तीन आरोपियों को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा, सरकारी डाकबंगले में हुई पार्टी और अन्य युवकों की भूमिका की जांच जारी।
शाहपुरा। मूलचन्द पेसवानी। उम्मेद सागर गोलीकांड में गिरफ्तार तीनों आरोपियों को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। उम्मेद सागर बांध स्थित जल संसाधन विभाग के डाकबंगले में रविवार को दोस्तों की पार्टी के दौरान हुई फायरिंग की घटना के बाद पुलिस अब मामले की तह तक पहुंचने के लिए विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।
#### दोस्तों की पार्टी के दौरान हुई थी फायरिंग
पुलिस के अनुसार रविवार दोपहर करीब आधा दर्जन युवक उम्मेद सागर बांध क्षेत्र में पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान आपसी कहासुनी विवाद में बदल गई और अचानक बंदूक से फायर हो गया। फायरिंग में गाडरी खेड़ा निवासी महेंद्र कहार गंभीर रूप से घायल हो गया।
गोली के छर्रे महेंद्र के पैर में लगे, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव हुआ। घटना के तुरंत बाद उसे शाहपुरा जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए भीलवाड़ा रेफर कर दिया गया। फिलहाल उसका उपचार भीलवाड़ा में जारी है।
#### तीन आरोपियों को कोर्ट ने भेजा पुलिस रिमांड पर
शाहपुरा थाना पुलिस ने पुलिस उपाधीक्षक ओमप्रकाश विष्नोई के नेतृत्व में त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के करीब पांच घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में विनोद नायक निवासी सेवनी, सूरज हरिजन निवासी उदयभान गेट तथा किशन बागरिया निवासी गांछा बस्ती शामिल हैं। तीनों आरोपियों को शाहपुरा एसीजेएम कोर्ट में पेश किया गया, जहां अदालत ने पूछताछ एवं बरामदगी के लिए उन्हें दो दिन के पुलिस रिमांड पर सौंप दिया।
#### प्रारंभिक पूछताछ में सामने आई जानकारी
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि विनोद नायक ने टोपीदार बंदूक से फायर किया था। घायल महेंद्र के पैर में तीन छर्रे लगे हैं। घटना के समय उसके साथ किशन गुर्जर और टिल्लू गुर्जर भी मौजूद थे।
पुलिस अब घटना से जुड़े सभी तथ्यों की गहनता से जांच कर रही है, ताकि पूरी परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।
#### सरकारी डाकबंगले में पार्टी पर उठे सवाल
जांच के दौरान एक बड़ा सवाल यह भी सामने आया है कि जल संसाधन विभाग के सरकारी डाकबंगले में पार्टी कैसे आयोजित हुई। सूत्रों के अनुसार पार्टी में शाहपुरा के कुछ प्रतिष्ठित परिवारों से जुड़े युवक भी मौजूद थे। पुलिस अब उन युवकों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है।
हालांकि, पुलिस ने इस संबंध में अभी किसी भी व्यक्ति की भूमिका को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और जांच जारी है।
#### डाकबंगले के कर्मचारी की भूमिका भी जांच के दायरे में
पुलिस डाकबंगले में तैनात कार्मिक की भूमिका की भी जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि घटना के समय संबंधित कर्मचारी मौके पर मौजूद था या नहीं तथा क्या उसे वहां आयोजित पार्टी की जानकारी थी।
पुलिस का कहना है कि रिमांड अवधि के दौरान कई महत्वपूर्ण तथ्यों से पर्दा उठ सकता है। हथियार की बरामदगी, पार्टी के आयोजकों तथा मौके पर मौजूद अन्य युवकों की भूमिका की जांच अभी जारी है और आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।
यह भी पढ़ें:

Bhilwara, Rajasthan
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।