जिला जज अभय जैन को भेंट की गई ‘कैंसर थ्रू आयुर्वेदिक लेंस’ पुस्तक


वैद्य हंसराज चौधरी और जिला जज अभय जैन के बीच आयुर्वेद, स्वास्थ्य जागरूकता, योग और तनाव प्रबंधन पर विस्तृत चर्चा हुई।

भीलवाड़ा। मूलचन्द पेसवानी। ‘कैंसर थ्रू आयुर्वेदिक लेंस’ पुस्तक मंगलवार को जिला एवं सत्र न्यायाधीश अभय जैन को श्री नवग्रह आश्रम के संस्थापक वैद्य हंसराज चौधरी द्वारा उनके कोर्ट चैंबर में भेंट की गई। इस दौरान दोनों के बीच आयुर्वेद, स्वास्थ्य, योग, तनाव प्रबंधन तथा जनकल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। न्याय व्यवस्था और स्वास्थ्य चेतना का यह अनूठा संगम भीलवाड़ा में देखने को मिला।

#### आयुर्वेद और प्राकृतिक चिकित्सा पर हुई सार्थक चर्चा

मुलाकात के दौरान वैद्य हंसराज चौधरी ने अपनी चर्चित अंग्रेजी पुस्तक ‘कैंसर थ्रू आयुर्वेदिक लेंस’ जिला जज अभय जैन को भेंट की। उन्होंने कैंसर उपचार में आयुर्वेद की भूमिका, अपने अनुभवों तथा प्राकृतिक चिकित्सा के महत्व पर विस्तार से जानकारी साझा की।

उन्होंने पुस्तक के माध्यम से आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति और स्वास्थ्य चेतना को लेकर अपनी गहन सोच भी साझा की तथा आयुर्वेद के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की।

#### न्यायिक अधिकारियों के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम की बनी सहमति

बैठक के दौरान सामाजिक सरोकार, स्वास्थ्य जागरूकता, योग, तनाव प्रबंधन और जनकल्याण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गंभीर मंथन हुआ। चर्चा के दौरान जिला जज अभय जैन और वैद्य हंसराज चौधरी के बीच इस बात पर सहमति बनी कि आगामी दिनों में जिले के सभी न्यायिक अधिकारियों के लिए एक दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

इस प्रस्तावित प्रशिक्षण कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारियों को तनावमुक्त जीवन, स्वस्थ दिनचर्या, योग, आयुर्वेदिक उपचार तथा मानसिक संतुलन बनाए रखने के व्यावहारिक उपायों की जानकारी दी जाएगी, ताकि वे अपने व्यस्त कार्यक्षेत्र के साथ-साथ पारिवारिक जीवन में भी इन विधाओं का लाभ उठा सकें।

#### समाज में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने पर हुआ संवाद

वैद्य हंसराज चौधरी ने कहा कि जिला जज अभय जैन का स्नेह, मार्गदर्शन और प्रेरणादायी व्यक्तित्व उन्हें सदैव नई ऊर्जा प्रदान करता है। उन्होंने बताया कि मुलाकात के दौरान समाज में सकारात्मक स्वास्थ्य संदेश पहुंचाने तथा आयुर्वेद को जन-जन तक पहुंचाने के विषय पर भी सार्थक संवाद हुआ।

#### स्वास्थ्य जागरूकता अभियान बना चर्चा का विषय

उल्लेखनीय है कि श्री नवग्रह आश्रम द्वारा लगातार संचालित सामाजिक सेवा एवं स्वास्थ्य जागरूकता अभियान जिले में चर्चा का विषय बने हुए हैं। आयुर्वेद के माध्यम से जनसेवा की यह पहल लोगों के बीच तेजी से विश्वास और पहचान बना रही है।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *