प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लाइव संबोधन देखा, जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं के विजेताओं का सम्मान कर युवाओं को नशामुक्त भारत का संकल्प दिलाया गया।
भीलवाड़ा। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के माय भारत केंद्र के तत्वावधान में विद्या प्रोफेशनल एंड टेक्निकल कॉलेज में ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ के तहत जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लाइव संबोधन का प्रसारण किया गया तथा युवाओं को नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प दिलाया गया। जिला स्तरीय विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया और विजेताओं को सम्मानित किया गया।
नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की नींव: प्रधानमंत्री मोदी
अपने लाइव संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की सबसे मजबूत नींव हैं। उन्होंने बताया कि यह अभियान आगामी 100 सप्ताह तक चलने वाला राष्ट्रव्यापी जन-आंदोलन है, जिसके माध्यम से युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए देशभर में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
युवाओं से अभियान से जुड़ने की अपील
कार्यक्रम की शुरुआत जिला युवा अधिकारी रचना शर्मा ने अतिथियों के स्वागत के साथ की। उन्होंने माय भारत पोर्टल एवं नशामुक्ति अभियान की जानकारी देते हुए युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में इस अभियान से जुड़ने का आग्रह किया।
मुख्य अतिथि सांसद दामोदर अग्रवाल ने कहा कि देश का भविष्य युवाओं के हाथों में है और नशे से दूर रहकर ही वे परिवार, समाज और राष्ट्र को नई दिशा दे सकते हैं। उन्होंने विकसित भारत अभियान में युवाओं की सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया।
जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में दिखी प्रतिभा
कार्यक्रम के दौरान नशामुक्त युवा-विकसित भारत विषय पर भाषण, कविता, पेंटिंग, नुक्कड़ नाटक, संगीत, नृत्य, स्लोगन लेखन तथा रील एवं शॉर्ट फिल्म जैसी जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त कर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित प्रतिभागियों में भाषण प्रतियोगिता में खुशी शर्मा, कविता पाठ में आयुषी व्यास, रील एवं शॉर्ट फिल्म में राहुल बैरवा, नुक्कड़ नाटक में लक्ष्मी एवं ग्रुप, पेंटिंग में अश्लेषा अग्रवाल, स्लोगन लेखन में नित्या मल्होत्रा, संगीत प्रतियोगिता में राजकुमार खटीक तथा नृत्य प्रतियोगिता में विद्या एवं ग्रुप शामिल रहे।
विजेताओं का हुआ सम्मान
समापन सत्र में सांसद दामोदर अग्रवाल सहित उपस्थित अतिथियों ने विजेता एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर सभी युवाओं को नशामुक्त जीवन अपनाने तथा विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने की शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रम के दौरान नशामुक्ति अभियान के पोस्टर का विमोचन भी किया गया।
कई गणमान्य अतिथि रहे उपस्थित
कार्यक्रम में रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव रमेश मुंदड़ा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक राम अवतार जाट, विद्या प्रोफेशनल एंड टेक्निकल कॉलेज की डायरेक्टर गीता चौधरी, मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. अशोक चौधरी, प्राचार्य डॉ. जसवंत सिंह चौहान, माय भारत के जगदीश शर्मा, बालूलाल वैष्णव, कॉलेज स्टाफ तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं युवा उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन शुभम ओझा ने किया।
यह भी पढ़ें:
Bhilwara, Rajasthan
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।