डेंगू से बचाव के लिए जिलेभर में चलेगा जागरूकता अभियान
सवाई माधोपुर 15 मई। राष्ट्रीय डेंगू दिवस हर वर्ष 16 मई को मनाया जाता है। जिलेभर में राष्ट्रीय डेंगू दिवस व्यापक जागरूकता गतिविधियों के साथ मनाया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जैमिनी ने बताया कि इस वर्ष का थीम “देखें, साफ करें, ढकेंः डेंगू को हराने के उपाय करें“ रखा गया है। जिलेभर में इस अवसर पर एंटीलार्वा गतिविधियां, सर्वे, सैम्पलिंग, एंटी-अडल्ट मच्छर नियंत्रण और ओपीडी में लार्वा प्रदर्शन के साथ-साथ जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
डेंगू रोग से बचाव के प्रति लोगों में जागरूकता फैलाने के लिए हर वर्ष 16 मई को राष्ट्रीय डेंगू दिवस मनाया जाता है। जिलेभर में डेंगू दिवस के दौरान डेंगू सहित अन्य मौसमी बीमारियों से बचाव व रोकथाम के लिए चिकित्सा कार्मिकों द्वारा विभिन्न एन्टीलार्वल गतिविधियों का आयोजन कर आमजन को जागरूक किया जायेगा।
उन्होंने बताया कि डेंगू को हराने के लिए सतर्कता, सफाई और बचाव ही सबसे महत्वपूर्ण उपाय हैं। डेंगू जैसी घातक बीमारी से बचाव के लिए मच्छरों के प्रजनन को रोकना अत्यंत आवश्यक है। डेंगू का मच्छर साफ पानी में पनपता है, इसलिए पानी से भरे बर्तनों को ढक कर रखना, किचन और बाथरूम को सूखा रखना और सोते समय मच्छरदानी का उपयोग करना जरूरी है। बुखार होने पर तुरंत अपने नजदीकी चिकित्सालय में जाकर चिकित्सक से परामर्श लेना भी आवश्यक है। जिले के सभी ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारियों, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों को निर्देश दिए गए कि वे हाई रिस्क क्षेत्रों में मच्छररोधी गतिविधियों का आयोजन करवाने के साथ ही जन जागरूकता अभियान के तहत पोस्टर, नारा लेखन, पैम्फलेट वितरण, लार्वा प्रदर्शन और अंतर्विभागीय समन्वय बैठकें आयोजित करें। इसके अलावा, मई और जून में प्रत्येक रविवार को पानी जमा न होने देने का दिन “ड्राई डे“ मनाया जाएगा, ताकि मच्छरों के पनपने की संभावनाएं खत्म की जा सकें।

2014 से लगातार पत्रकारिता कर रहे हैं। 2015 से 2021 तक गंगापुर सिटी पोर्टल (G News Portal) का बतौर एडिटर सञ्चालन किया। 2017 से 2020 तक उन्होंने दैनिक समाचार पत्र राजस्थान खोज खबर में काम किया। 2021 से 2022 तक दैनिक भास्कर डिजिटल न्यूज और साधना न्यूज़ में। 2021 से अब तक वे आवाज आपकी न्यूज पोर्टल और गंगापुर हलचल (साप्ताहिक समाचार पत्र) में संपादक और पत्रकार हैं। साथ ही स्वतंत्र पत्रकार हैं।