महाशिवरात्रि पर शिवाड़ में उमड़ेगा आस्था का महासागर


14 से 19 फरवरी तक घुश्मेश्वर ज्योतिर्लिंग में छह दिवसीय भव्य मेला; पांच लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना

सवाई माधोपुर, 12 फरवरी।पंकज शर्मा। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर विश्व प्रसिद्ध घुश्मेश्वर द्वादश ज्योतिर्लिंग महादेव मंदिर, शिवाड़ में 14 से 19 फरवरी तक छह दिवसीय भव्य धार्मिक मेले का आयोजन किया जाएगा। मंदिर ट्रस्ट के अनुसार इस दौरान देश के विभिन्न राज्यों से पांच लाख से अधिक श्रद्धालुओं के भगवान भोलेनाथ के दर्शन हेतु पहुंचने की संभावना है। जिला प्रशासन द्वारा मेले को लेकर मंदिर परिसर एवं शिवाड़ कस्बे में आकर्षक सजावट की जी रही है तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, चिकित्सा, यातायात एवं पार्किंग की व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। प्रशासन एवं मंदिर ट्रस्ट समन्वय के साथ व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।
मेला 14 फरवरी को दीप प्रज्वलन के साथ प्रारंभ होगा। इस दिन शनि प्रदोष व्रत पूजन सहित धार्मिक अनुष्ठान पूरे दिन संपन्न होंगे। 15 फरवरी को महाशिवरात्रि के अवसर पर विशेष पूजन, महारुद्राभिषेक, रुद्राष्टाध्यायी पाठ एवं चार प्रहर की रात्रिकालीन पूजा आयोजित की जाएगी। इसी दिन कस्बे के चारों द्वारों (सर्वसर्प, वृषभ, नाट्यशाला एवं ईश्वर द्वार) से भव्य शोभायात्राएं निकाली जाएंगी, जो मंदिर परिसर पहुंचेंगी। दोपहर 2 बजे मंदिर के मुख्य शिखर पर विधिवत पूजा-अर्चना के साथ धर्मध्वजारोहण किया जाएगा। इसके उपरांत नव-निर्मित कमानी मंदिर का लोकार्पण कार्यक्रम आयोजित होगा तथा रात्रि में 8 बजे से दशहरा मैदान में भव्य भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सुप्रसिद्ध भजन कलाकारों चंचल काबरा, शंभू लहरी मुम्बई द्वारा प्रस्तुतियां दी जाएगी।
मेले के तीसरे दिन 16 फरवरी को शिवलिंग पूजन, धार्मिक अनुष्ठानों के साथ राजस्थानी सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति होगी। मंदिर परिसर में घूमर नृत्य का आयोजन किया जाएगा तथा रात्रि में कोटा की भारती एवं पार्टी द्वारा कालरा सत्संग भवन में पारंपरिक सोमवारी संगीतमय जागरण किया जाएगा। 17 फरवरी को विशेष पूजा-अर्चना के साथ विशाल मेला भरेगा तथा दशहरा मैदान में सांय 7 बजे से राष्ट्रीय स्तर के कवियों मुन्ना बैट्री, गोविंद भारद्वाज, दीपा सैनी, भूपेन्द्र राठौड़, अमित आजाद, सूरेश अलबेला, डॉ. भगवान मकरन्द, नानक चंद नवीन, अखिलेश अखिल, ममता मंजूला आदि द्वारा कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। 18 फरवरी को भी विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। छह दिवसीय इस धार्मिक आयोजन का समापन 19 फरवरी को विशेष पूजा-अर्चना एवं धार्मिक कार्यक्रमों के साथ होगा।
मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष ने बताया कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही एवं सुरक्षा के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। पूरे क्षेत्र में श्रद्धा, उत्साह एवं उल्लास का वातावरण बना हुआ है तथा स्थानीय प्रशासन, मंदिर ट्रस्ट एवं आयोजन समिति श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं व्यवस्थित दर्शन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सतत कार्य कर रहे हैं।


WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now