जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने बी, सी और डी श्रेणी वाले विभागों पर जताई नाराजगी, अगले माह तक ए श्रेणी में लाने के दिए निर्देश
प्रयागराज। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में बुधवार को संगम सभागार में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड तथा विकास एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की रैंकिंग और निर्माण परियोजनाओं की स्थिति की समीक्षा की गई। खराब प्रदर्शन करने वाले विभागों के प्रति नाराजगी जताते हुए जिलाधिकारी ने बी, सी और डी रैंकिंग वाले संबंधित विभागीय अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने पिछड़ा वर्ग, सेतु निगम, उपायुक्त उद्योग, समाज कल्याण विभाग, यूपीसीएलडीएफ सहित अन्य विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को अपने-अपने विभागों के कार्यों की नियमित समीक्षा करने और रैंकिंग में सुधार लाने के निर्देश दिए।
खराब प्रगति पर यूपीसिडको को नोटिस, सड़कों की गुणवत्ता जांचने के निर्देश
बैठक में कम्पोजिट विद्यालयों की खराब प्रगति पर जिलाधिकारी ने यूपीसिडको को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। वहीं लोक निर्माण विभाग को गड्ढामुक्त की गई सड़कों के कार्यों की गुणवत्ता की जांच कराने के लिए कहा।
उन्होंने निर्देश दिए कि जिन सड़कों पर अभी तक गड्ढामुक्ति का कार्य नहीं हुआ है, वहां भी शीघ्र कार्य पूरा कराया जाए। सड़कों की मरम्मत और गड्ढामुक्ति के कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए।
50 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं की नियमित समीक्षा के निर्देश
जिलाधिकारी ने 50 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली परियोजनाओं की नियमित समीक्षा करने और उनकी प्रगति पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी कार्यदायी संस्थाओं को संबंधित निर्माण कार्यों में तेजी लाने के लिए कहा।
उन्होंने निर्देश दिए कि अवमुक्त धनराशि का उपयोग करते हुए उसके सापेक्ष निर्धारित कार्यों को तय समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा कराया जाए। कार्यदायी संस्थाएं आवश्यक संसाधन बढ़ाकर निर्माण कार्यों को युद्धस्तर पर पूरा करें।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि यदि कोई कार्य निर्धारित समयसीमा के बाद भी लंबित पाया जाता है तो संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी। कार्यों में अनावश्यक देरी और लापरवाही को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
बी और सी रैंकिंग पर जताई नाराजगी, प्रतिदिन होगी निगरानी
निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान बी और सी रैंकिंग वाले विभागों के प्रदर्शन पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि कोई भी कार्य निर्धारित समयसीमा के बाद लंबित नहीं रहना चाहिए। जो परियोजनाएं समयसीमा के भीतर हैं, उन्हें तेजी और गुणवत्ता के साथ पूरा कराया जाए।
जिन परियोजनाओं में उचित कारणों से कार्य पूरा करने की समयसीमा बढ़ाने की आवश्यकता है, उनके संबंध में सक्षम स्तर पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं के हैंडओवर की प्रक्रिया भी पूरी कराने को कहा गया।
मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर बी, सी और डी रैंकिंग वाले विभागों की प्रतिदिन मॉनिटरिंग कराने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कम रैंकिंग वाली योजनाओं के प्रदर्शन में कमी के कारणों की विस्तार से जानकारी ली और अधिकारियों को चेतावनी दी कि अगले माह तक संबंधित योजनाओं को ए श्रेणी में लाया जाए। ऐसा नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सभी पात्र लोगों तक पहुंचाने के निर्देश
जिलाधिकारी ने बैठक में उपस्थित अधिकारियों को अपने-अपने विभागों की सभी योजनाओं की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक पहुंचाया जाना सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने फैमिली आईडी बनाए जाने के कार्य में भी तेजी लाने को कहा। जिलाधिकारी ने सख्त हिदायत दी कि योजनाओं के क्रियान्वयन और निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
समीक्षा बैठक में मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. ए.के. तिवारी, परियोजना निदेशक भूपेन्द्र कुमार सिंह, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी संतोष कुमार, जिला पंचायतराज अधिकारी रवि शंकर द्विवेदी, जिला कार्यक्रम अधिकारी दिनेश सिंह सहित विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें:

Prayagraj, Ouuta Pradesh
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।