कांवड़ मार्गों, शिवालयों, घाटों, बिजली, यातायात, सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को समय रहते दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।
प्रयागराज। प्रयागराज कांवड़ यात्रा तैयारियां को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा के निर्देशन एवं अपर जिलाधिकारी (नगर) सत्यम मिश्र की अध्यक्षता में शनिवार को जिला पंचायत सभागार में कांवड़ यात्रा एवं प्रमुख शिवालयों पर आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों तथा कांवड़ समिति के पदाधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में अपर जिलाधिकारी सत्यम मिश्र ने कांवड़ यात्रा मार्गों एवं शिवालयों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा संबंधित मजिस्ट्रेट एवं पुलिस अधिकारियों के सहयोग से प्रत्येक व्यवस्था समय पर सुनिश्चित करें, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
कांवड़ मार्गों पर विभागों की रहेगी शिफ्टवार तैनाती
अपर जिलाधिकारी ने प्रमुख कांवड़ मार्गों के महत्वपूर्ण स्थानों पर आवश्यक विभागों की शिफ्टवार ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस विभाग को संबंधित थानों के साथ समन्वय बैठक आयोजित करने तथा मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरतने को कहा।
इसके साथ ही उन्होंने कांवड़ मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन, जाम की समस्या से बचाव तथा प्रमुख स्नान घाटों पर बैरिकेडिंग की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी होनी चाहिए।
लंगर, भंडारे और क्रॉसिंग पर सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश
बैठक में अपर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सड़क किनारे लगाए जाने वाले लंगर एवं भंडारों का आयोजन मुख्य सड़क से पर्याप्त दूरी पर कराया जाए, ताकि यातायात बाधित न हो और अनावश्यक भीड़ एकत्रित न हो। इसके अलावा सभी प्रमुख रेलवे एवं सड़क क्रॉसिंग पर पुलिस कर्मियों की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित करने के लिए भी कहा गया।
शिवालयों और घाटों पर विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश
अपर जिलाधिकारी ने सभी प्रमुख शिवालयों के बाहर बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, मोबाइल टॉयलेट, पेयजल के लिए पानी के टैंकर, नियमित साफ-सफाई तथा घाटों पर पर्याप्त लाइटिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कांवड़ मार्गों पर बड़े-बड़े पेड़ों की छंटाई कराने और मार्ग में पड़ने वाले जर्जर भवनों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के भी निर्देश संबंधित विभागों को दिए।
उन्होंने नगर निगम क्षेत्र में रोड रेस्टोरेशन, मार्ग प्रकाश व्यवस्था तथा जलभराव की समस्या नहीं होने देने के लिए भी अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बिजली, अवैध कट और सड़क सुरक्षा पर रहेगा विशेष फोकस
बैठक में विद्युत विभाग को निर्देश दिए गए कि कांवड़ यात्रा के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। जहां भी जर्जर या लटकते हुए विद्युत तार हों, उन्हें तत्काल ठीक कराया जाए ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना की संभावना न रहे।
इसके अलावा उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्गों (एनएच) पर बने अवैध कटों का निरीक्षण कर कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले उन्हें बंद कराने के निर्देश दिए।
मीट-मांस की दुकानों और डीजे की ध्वनि पर रहेगी निगरानी
अपर जिलाधिकारी ने पुलिस विभाग को कांवड़ यात्रा मार्गों पर पड़ने वाली मीट-मांस की दुकानों को नियमानुसार बंद कराने के निर्देश दिए। वहीं जिला आबकारी अधिकारी को शासन के निर्देशों के अनुरूप कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए कहा गया।
उन्होंने बैठक में स्पष्ट किया कि कांवड़ शिविरों में बजाए जाने वाले डीजे की आवाज निर्धारित मानकों के अनुरूप ही होनी चाहिए। यदि किसी स्थान पर अत्यधिक तेज ध्वनि में डीजे बजने की शिकायत मिलती है तो संबंधित डीजे को जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी।
स्वास्थ्य सेवाओं और पार्किंग व्यवस्था पर भी दिए निर्देश
अपर जिलाधिकारी ने मंदिरों में प्रवेश एवं निकास के लिए अलग-अलग व्यवस्था करने तथा पर्याप्त पार्किंग सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही कांवड़ यात्रा मार्ग पर पड़ने वाले सीएचसी एवं पीएचसी में चिकित्सकों, आवश्यक दवाओं तथा एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) उपमा पाण्डेय, अपर जिलाधिकारी (नजूल) संजय पाण्डेय, पुलिस एवं यातायात विभाग के अधिकारी तथा सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। सभी विभागों को कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
यह भी पढ़ें:

Prayagraj, Ouuta Pradesh
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।