जयपुर में शुक्रवार दोपहर सनसनी फैल गई। जब राजस्थान हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिला। धमकी की जानकारी मिलते ही सुरक्षा एजेंसियों ने फौरन हाईकोर्ट परिसर खाली करवाया और पूरे इलाके को घेराबंदी कर तलाशी शुरू कर दी। जयपुर पुलिस, एटीएस, बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड की टीमें मौके पर पहुंचकर सर्च ऑपरेशन में जुटी हैं।
जयपुर. राजस्थान हाईकोर्ट के जयपुर परिसर में शुक्रवार दोपहर अचानक बम की सूचना से हड़कंप मच गया। हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार प्रशासन को एक अनजान ईमेल पर विस्फोटक बम लगाने की धमकी मिली। ईमेल में स्पष्ट चेतावनी दी गई कि परिसर में बम रखा गया है और यह कभी भी फट सकता है। सूचना मिलते ही हाई अलर्ट जारी किया गया।
मुख्य न्यायाधीश सहित सभी जजों, वकीलों, कर्मचारियों और मुलाकातियों को तत्काल सुरक्षित बाहर निकाला गया। हाईकोर्ट के मुख्य भवन, अतिरिक्त भवन, रजिस्ट्री और कैंटीन सहित सभी परिसरों को खाली कराया गया। परिसर के मुख्य द्वारों को सील कर दिया गया और बाहरी आवागमन पूरी तरह रोका गया।
ATS, बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की तैनाती
एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) की टीम बम डिस्पोजल स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड के साथ तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। डॉग स्क्वॉड ने भवनों के अंदर-बाहर गहन तलाशी शुरू की। बम डिटेक्शन उपकरणों से हर कोने की स्कैनिंग की जा रही है। ATS ने साइबर सेल को भी सक्रिय किया है ताकि ईमेल भेजने वाले की IP एड्रेस और लोकेशन ट्रेस की जा सके। धमकी के कारण हाईकोर्ट में चल रही सभी सुनवाइयां रुक गईं। बेंचों पर रखे मामले स्थगित कर दिए गए।
मुख्य न्यायाधीश और जज सुरक्षित
रजिस्ट्री कार्यालय में फाइलिंग, कॉपी और सर्टिफाइड कॉपी का काम बंद है। वकील चैंबर और लाइब्रेरी भी खाली करा दी गई। कैंटीन और पार्किंग क्षेत्र में भी तलाशी जारी है। वहीं मुख्य न्यायाधीश को विशेष सुरक्षा घेरे में सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। अन्य जजों को भी वाहनों से बाहर निकाला गया। कोर्ट स्टाफ को अस्थायी कैंप में भेजा गया है।
साइबर टीम ईमेल की कर रही है जांच
जयपुर पुलिस कमिश्नर ने कहा कि प्रारंभिक जांच में धमकी होक्स लग रही है, लेकिन सुरक्षा के मद्देनजर कोई जोखिम नहीं लिया जा रहा। तलाशी पूरी होने तक परिसर बंद रहेगा। साइबर टीम ईमेल की जांच कर रही है। यह जयपुर में दूसरी बड़ी कोर्ट धमकी है। पिछले महीने सेशन कोर्ट में भी ईमेल बम धमकी मिली थी, जो होक्स साबित हुई थी। तलाशी पूरी होने के बाद ही सुनवाई बहाल होगी। परिसर में सुरक्षा को लेकर पुख्ता इंतजाम है।
जयपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील
जयपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट हैं और मामले की गहन जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में यह भी संभावना जताई जा रही है कि धमकी देने वाले ने माहौल बिगाड़ने या अफरा-तफरी फैलाने के उद्देश्य से मेल भेजा हो।
सुरक्षा एजेंसियों ने हाईकोर्ट परिसर को अस्थायी रूप से सील कर दिया है। हर व्यक्ति की एंट्री पर रोक लगा दी गई है। जांच पूरी होने के बाद ही कोर्ट की नियमित कार्यवाही दोबारा शुरू की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जब तक सर्च ऑपरेशन पूरा नहीं हो जाता, कोई भी व्यक्ति परिसर में प्रवेश नहीं कर सकेगा।

2014 से लगातार पत्रकारिता कर रहे हैं। 2015 से 2021 तक गंगापुर सिटी पोर्टल (G News Portal) का बतौर एडिटर सञ्चालन किया। 2017 से 2020 तक उन्होंने दैनिक समाचार पत्र राजस्थान खोज खबर में काम किया। 2021 से 2022 तक दैनिक भास्कर डिजिटल न्यूज और साधना न्यूज़ में। 2021 से अब तक वे आवाज आपकी न्यूज पोर्टल और गंगापुर हलचल (साप्ताहिक समाचार पत्र) में संपादक और पत्रकार हैं। साथ ही स्वतंत्र पत्रकार हैं।