रामधाम में नवचंडी महायज्ञ शुरू, दंडी स्वामी की कथा में उमड़े श्रद्धालु


अध्यात्म रामायण कथा के बीच गौशाला को मिली आधुनिक कुट्टी मशीन, अग्रवाल परिवार ने स्व. रामगोपाल अग्रवाल की स्मृति में किया समर्पण।

भीलवाड़ा। श्री रामधाम रामायण मंडल ट्रस्ट द्वारा विरक्त आश्रम में आयोजित आध्यात्मिक महोत्सव के अंतर्गत शुक्रवार को पहली बार नवग्रह पूजा एवं नवचंडी महायज्ञ का शुभारंभ हुआ। परम पूज्य दंडी स्वामी ब्रह्मानंद सरस्वती के सानिध्य में आयोजित अध्यात्म रामायण कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्म और अध्यात्म का लाभ प्राप्त किया। इसी अवसर पर गौ-सेवा के लिए एक आधुनिक कुट्टी मशीन का भी लोकार्पण किया गया।

श्रवण, मनन और निदिध्यासन का दिया संदेश

कथा के दौरान दंडी स्वामी ब्रह्मानंद सरस्वती ने कहा कि श्रवण, मनन और निदिध्यासन जीवन की आत्मिक उन्नति के तीन प्रमुख सूत्र हैं। उन्होंने कहा कि कथा रूपी अमृत ही संसार के विष से मुक्ति का मार्ग है तथा संतों का सान्निध्य मोक्ष प्राप्ति का श्रेष्ठ माध्यम है। उन्होंने श्रद्धालुओं से कथा को केवल सुनने तक सीमित न रखकर उसे अपने जीवन में उतारने का आह्वान किया।

वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शुरू हुआ महायज्ञ

आश्रम परिसर में भगवान राम रामेश्वरजी की प्रतिमा के समक्ष विद्वान आचार्यों के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ नवग्रह पूजा, नवचंडी महायज्ञ, हवन एवं सहस्त्रनामावली अर्चन का शुभारंभ हुआ। प्रतिदिन सुबह 10 से 11 बजे तक विशेष पूजा-अर्चना एवं हवन का आयोजन किया जाएगा।

यज्ञशाला की पवित्रता बनाए रखने के लिए श्रद्धालुओं के लिए धोती पहनकर ही आहुति देने का नियम निर्धारित किया गया है। आश्रम प्रबंधन ने समाज से गौ-संरक्षण एवं धार्मिक आयोजनों में अधिकाधिक सहभागिता की अपील की।

गौशाला को मिली आधुनिक कुट्टी मशीन

गौशाला में हरे चारे की बेहतर व्यवस्था के लिए स्वर्गीय रामगोपाल अग्रवाल (अजंता ट्रांसपोर्ट) की स्मृति में उनकी धर्मपत्नी प्रेमलता अग्रवाल, राजेश अग्रवाल, योगेश अग्रवाल एवं समस्त अग्रवाल परिवार ने आधुनिक कुट्टी मशीन भेंट की। वैदिक विधि-विधान एवं मंत्रोच्चार के साथ पूज्य संतों ने मशीन का लोकार्पण किया।

संतों ने इस पहल को गौ-सेवा के प्रति प्रेरणादायी योगदान बताते हुए अग्रवाल परिवार की सराहना की।

संतों और श्रद्धालुओं की रही सहभागिता

इस अवसर पर स्वामी चौतन्यानंद मार्कंडेय ओंकारेश्वर, संत दया चौतन्य सहित अनेक संत एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम में राजकुमार अग्रवाल, तुषार अग्रवाल, ललित हेड़ा, राधेश्याम अग्रवाल, पवन अग्रवाल, अभिषेक अग्रवाल, हेमंत मानसिंहका, नवरत्न पारीक, शांतिलाल पोरवाल, सत्यनारायण ईनाणी, कृष्ण गोपाल कचोलिया, गोविंद लढ़ा, इंदुबाई एवं वीणा मानसिंहका सहित कई गणमान्य नागरिकों ने कथा में भाग लेकर संतों का आशीर्वाद प्राप्त किया।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *