लाभार्थियों को ऑनलाइन प्रक्रिया करना जरूरी रुक सकता है लाभ
नदबई| सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा संचालित पालनहार योजना के अंतर्गत पंजीकृत लाभार्थियों के लिए सत्र 2025-26 का सत्यापन एवं रिनुअल कार्य 1 जुलाई 2025 से प्रारंभ कर दिया गया है। लेकिन रिनुअल शुरू हुए लगभग एक महीना बीतने को है, इसके बावजूद भी अधिकतर लाभार्थियों ने अभी तक प्रक्रिया पूरी नहीं की है। इससे उनके लिए योजना का लाभ बाधित होने की आशंका बनी हुई है।
बीएसएसओ कार्यालय प्रभारी झगेंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि, नदबई क्षेत्र में पालनहार योजना के तहत 2 हजार से अधिक लाभार्थी पंजीकृत हैं। इनमें से अधिकांश ने अब तक न तो अपने दस्तावेज अपडेट कराए हैं और न ही ई-मित्र पर ऑनलाइन सत्यापन करवाया है। उन्होंने बताया कि, समय पर रिनुअल नहीं कराने पर योजना का लाभ रुक सकता है, जिससे बच्चों की पढ़ाई और पालन-पोषण पर असर पड़ सकता है।
प्रभारी अधिकारी ने सभी लाभार्थियों से अपील की है कि, वे अपने बच्चों के अध्ययन प्रमाण-पत्र संबंधित विद्यालय, महाविद्यालय अथवा आंगनबाड़ी केंद्र से शीघ्र प्राप्त कर लें और पास के ई-मित्र केंद्र पर जाकर ऑनलाइन रिनुअल की प्रक्रिया पूर्ण करवाएं।

Bharatpur, Rajasthan