भीलवाड़ा में साहू समाज का महाकुंभ, राष्ट्रीय महासम्मेलन की तैयारियों पर मंथन


प्रदेशभर से 500 से अधिक पदाधिकारी जुटे, संगठन विस्तार, शिक्षा, युवा नेतृत्व और राष्ट्रीय महासम्मेलन की तैयारियों को लेकर हुई विस्तृत चर्चा

भीलवाड़ा। साहू समाज का महाकुंभ सोमवार को भीलवाड़ा के हरिशेवाधाम में आयोजित प्रदेश कार्यकारिणी बैठक के रूप में देखने को मिला। बैठक में प्रदेशभर से 500 से अधिक पदाधिकारी एवं समाजजन शामिल हुए। इस दौरान आगामी दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक एवं जनचेतना महासम्मेलन की तैयारियों पर विस्तार से मंथन किया गया। साथ ही संगठन विस्तार, शिक्षा, महिला सशक्तीकरण, युवा नेतृत्व और समाज के समग्र विकास को लेकर महत्वपूर्ण विचार-विमर्श हुआ।

संगठन की मजबूती को बताया समाज की सबसे बड़ी ताकत

राजस्थान प्रांतीय तैलीक साहू महासभा के प्रदेशाध्यक्ष देवीलाल साहू ने कहा कि संगठन की मजबूती ही समाज की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने कहा कि संगठित समाज अपने अधिकारों की रक्षा करने के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण में भी प्रभावी भूमिका निभा सकता है। उन्होंने प्रदेशभर में चल रहे संगठन विस्तार अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि महासभा को प्रत्येक जिले और तहसील स्तर तक मजबूत बनाने का कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने समाज के लोगों से सामाजिक कुरीतियों को त्यागकर शिक्षा, रोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।

दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ

प्रदेश कार्यकारिणी बैठक का शुभारंभ महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम महाराज ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने समाज की एकता, संस्कार और शिक्षा को विकास का आधार बताते हुए संगठन को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संदेश दिया।

बैठक में राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष टी.सी. चौधरी, महामंत्री आत्माराम लाईवाल, मेघराज साहू एवं संगठन महामंत्री गोपाललाल साहू ने संगठन विस्तार, शिक्षा, महिला सशक्तीकरण, युवा नेतृत्व, स्वरोजगार और सामाजिक समरसता जैसे विषयों पर अपने विचार रखे।

महिलाओं और युवाओं की भागीदारी पर विशेष जोर

प्रदेश महिला अध्यक्ष अनुपमा मोदी ने समाज में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया। वहीं राष्ट्रीय युवक कार्यकारी अध्यक्ष देवराज तेली ने युवाओं को समाज की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए शिक्षा, तकनीकी ज्ञान, उद्यमिता और सामाजिक नेतृत्व में आगे आने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि युवाओं की सकारात्मक ऊर्जा समाज को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

राष्ट्रीय महासम्मेलन की तैयारियों को मिली गति

कार्यक्रम संयोजक प्रहलाद राय दिया ने आगामी राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक एवं जनचेतना महासम्मेलन की तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि भीलवाड़ा में होने वाला यह आयोजन ऐतिहासिक होगा। इसमें देशभर से समाज के प्रमुख पदाधिकारी, संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि और समाज के गणमान्यजन भाग लेंगे। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी पदाधिकारियों से सामूहिक सहयोग का आग्रह किया।

बैठक के दौरान समाज में शिक्षा के प्रसार, छात्रावासों के विकास, प्रतिभा सम्मान, महिला सशक्तीकरण, युवाओं के कौशल विकास तथा संगठन विस्तार से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों और सुझावों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम का संचालन एडवोकेट कुशल साहू ने किया। बैठक में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पदाधिकारी, समाजसेवी एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *