भीलवाड़ा में अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद ने संतों का सम्मान किया, सनातन जागरण का लिया संकल्प


गुरु पूर्णिमा पर प्रमुख संत-महंतों का पूजन कर लिया आशीर्वाद, हनुमान चालीसा केंद्रों के विस्तार और संगठन सशक्तिकरण पर हुआ मंथन।

भीलवाड़ा। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद एवं राष्ट्रीय बजरंग दल के केंद्रीय, जिला एवं महानगर इकाई के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने शहर में गुरु पूजन एवं संत सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में क्षेत्र के प्रमुख संत-महंतों एवं आचार्यों का विधि-विधान से पूजन कर उनका आशीर्वाद लिया गया तथा सनातन जागरण, संगठन विस्तार और सामाजिक समरसता को लेकर विचार-विमर्श किया गया।

यह आयोजन अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. प्रवीण भाई तोगड़िया के निर्देशानुसार देशभर में चलाए जा रहे संत सम्मान अभियान के तहत संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान संगठन पदाधिकारियों ने सनातन संस्कृति के संरक्षण एवं समाज में धार्मिक चेतना को मजबूत करने का संकल्प भी लिया।

प्रमुख संत-महंतों का किया सम्मान

गुरु पूजन कार्यक्रम के दौरान रामस्नेही संप्रदाय के स्वामी रामदयाल महाराज, उदासीन आश्रम के महामंडलेश्वर हंसाराम महाराज, निंबार्क आश्रम के महंत मोहन शरण शास्त्री, जैन मुनि पुलक सागर महाराज, महंत श्यामसुन्दर दास (लाला बाबा) सहित अन्य संत-महंतों एवं आचार्यों का शॉल, सम्मान एवं पूजन कर अभिनंदन किया गया।

संतों ने उपस्थित कार्यकर्ताओं को धर्म, सेवा और समाज हित में निरंतर कार्य करने का आशीर्वाद प्रदान किया।

हनुमान चालीसा केंद्रों के विस्तार पर दिया जोर

मार्गदर्शन सत्र में संत-महंतों ने कहा कि हनुमान चालीसा केंद्र सनातन समाज को संगठित करने का प्रभावी माध्यम बन सकते हैं। उन्होंने प्रत्येक मंदिर में शनिवार और मंगलवार को नियमित रूप से हनुमान चालीसा केंद्र संचालित करने का आह्वान किया।

संगठन के पदाधिकारियों ने इस अभियान को समाज में धार्मिक जागरूकता बढ़ाने और संगठन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए इसे गांव-गांव और शहर-शहर तक विस्तार देने का संकल्प लिया।

आगामी कार्यक्रमों की बनी रूपरेखा

बैठक में संगठन के आगामी सेवा कार्यों, जनजागरण अभियानों एवं आंदोलनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी विस्तार से चर्चा की गई। पदाधिकारियों ने समाज के सभी वर्गों को जोड़कर सनातन संस्कृति के संरक्षण एवं राष्ट्रहित के कार्यों को गति देने पर बल दिया।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री चंद्र सिंह जैन, हिंदू हेल्पलाइन राजस्थान प्रदेश महामंत्री एवं भीलवाड़ा जिलाध्यक्ष गोपाल लाल तेली, विभाग मंत्री मुकेश कुमार शर्मा, जिला महामंत्री रामदेव बैरवा, राष्ट्रीय बजरंग दल जिलाध्यक्ष रितेश गुर्जर, जिला उपाध्यक्ष अशोक (कालू) जोशी, राष्ट्रीय मजदूर परिषद जिलाध्यक्ष पूरण मल हिन्दू, हिंदू हेल्पलाइन जिलाध्यक्ष दिनेश जाट, विमल सिंह चौहान, दीपक वैष्णव सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *