संगम समूह का प्रथम चरण सम्पन्न, 58,600 पौधे और 3,580 ट्री गार्ड का हुआ वितरण


5 अगस्त से अभियान का दूसरा चरण होगा शुरू, पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिकाधिक जनभागीदारी का किया गया आह्वान।

भीलवाड़ा। पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में संगम उद्योग समूह द्वारा चलाए जा रहे एक लाख पौधे एवं पाँच हजार ट्री गार्ड वितरण अभियान के प्रथम चरण का सफल समापन हो गया। अभियान के पहले चरण में जिलेभर में 58,600 पौधों एवं 3,580 ट्री गार्ड का वितरण कर हजारों लोगों को हरित अभियान से जोड़ा गया। अब अभियान का दूसरा चरण 5 अगस्त से प्रारंभ होगा, जिसमें शेष आवेदकों को पौधे एवं ट्री गार्ड वितरित किए जाएंगे।

अभियान को आमजन, विद्यालयों, सामाजिक संस्थाओं एवं विभिन्न सार्वजनिक संगठनों का उत्साहजनक सहयोग प्राप्त हुआ। बड़ी संख्या में लोगों ने पौधारोपण के साथ पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी लिया।

पर्यावरण संरक्षण में स्थापना काल से सक्रिय है संगम समूह

संगम उद्योग समूह के चेयरमैन रामपाल सोनी ने कहा कि समूह अपनी स्थापना के समय से ही पर्यावरण संरक्षण एवं हरित विकास के लिए निरंतर कार्य करता आ रहा है। उन्होंने पौधे प्राप्त करने वाले सभी नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण और नियमित देखभाल भी उतनी ही आवश्यक है।

उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से इस अभियान से जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही भीलवाड़ा को हराभरा और स्वच्छ बनाया जा सकता है।

हरित वातावरण तैयार करना अभियान का उद्देश्य

पर्यावरणविद् बाबूलाल जाजू ने बताया कि प्रथम चरण में 58,600 पौधों एवं 3,580 ट्री गार्ड का वितरण किया गया है। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल पौध वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि पौधों के संरक्षण के माध्यम से पर्यावरण संतुलन स्थापित करना तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित वातावरण तैयार करना है।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक यदि लगाए गए पौधों की जिम्मेदारी लेकर उनका संरक्षण करे तो अभियान का उद्देश्य पूरी तरह सफल होगा।

5 अगस्त से शुरू होगा दूसरा चरण

ट्री गार्ड वितरण प्रभारी हिम्मत पारीक एवं मुकेश अजमेरा ने बताया कि जिन विद्यालयों, संस्थाओं एवं नागरिकों के आवेदन प्राप्त हो चुके हैं, उन्हें दूरभाष के माध्यम से सूचना देकर क्रमवार पौधे एवं ट्री गार्ड उपलब्ध कराए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि अभियान के अगले चरण को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त पौधों की व्यवस्था भी कर ली गई है। 5 अगस्त से प्रारंभ होने वाले दूसरे चरण में शेष सभी पात्र आवेदकों को पौधे एवं ट्री गार्ड वितरित किए जाएंगे।

कार्यकर्ताओं ने निभाई सक्रिय भूमिका

अभियान की वितरण व्यवस्था को सफल बनाने में गुमान सिंह पीपाड़ा, दाताराम वर्मा, जमनालाल जोशी एवं विद्यासागर सुराणा सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया। संगम समूह ने सभी सहयोगियों एवं आमजन का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण के ऐसे अभियानों में सहभागिता बनाए रखने की अपील की।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *