करीब ढाई वर्ष से खाली पड़े ध्वज पोल पर रेलवे प्रशासन ने तिरंगा फहराया, डीआरयूसीसी बैठक में उठी मांग पर हुई त्वरित कार्रवाई।
सवाई माधोपुर। सवाई माधोपुर रेलवे स्टेशन पर फहराया तिरंगा शुक्रवार को स्थानीय लोगों के लिए गौरव का क्षण बन गया। रेलवे स्टेशन के मुख्य द्वार पर करीब ढाई वर्ष से बिना राष्ट्रीय ध्वज के खड़े पोल पर रेलवे प्रशासन ने तिरंगा फहराकर एक महत्वपूर्ण पहल को साकार किया। यह कार्रवाई डीआरयूसीसी सदस्य एवं वतन फाउंडेशन के मुखिया हुसैन आर्मी द्वारा कोटा मंडल की डीआरयूसीसी बैठक में उठाई गई मांग के बाद की गई।
रेलवे प्रशासन ने मांग को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की और राष्ट्रीय ध्वज स्थापित कराया। तिरंगा फहराने के साथ ही स्टेशन परिसर में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला।
गरिमामय समारोह में फहराया गया राष्ट्रीय ध्वज
राष्ट्रीय ध्वज फहराने के अवसर पर डीआरयूसीसी सदस्य हुसैन आर्मी, पश्चिम रेलवे की सलाहकार समिति (जेडआरयूसीसी) के पूर्व सदस्य एवं वरिष्ठ पत्रकार राजेश शर्मा, स्टेशन प्रबंधक लोकेंद्र मीना, आरपीएफ निरीक्षक मानसिंह, एडीईएन दिगपाल सिंह, सीएमआई अतीश माहेश्वरी, पीडब्ल्यूआई राकेश मीना, आईओडब्ल्यू अमित भारती, संजय मीणा सहित रेलवे एवं आरपीएफ के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
ध्वजारोहण के बाद सभी उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया। इसके पश्चात हुसैन आर्मी की ओर से उपस्थित लोगों को मिठाई वितरित कर इस ऐतिहासिक अवसर की खुशी साझा की गई।
डीआरयूसीसी की 150वीं बैठक में उठाई थी मांग
गौरतलब है कि गुरुवार को कोटा मंडल कार्यालय में मंडल रेल प्रबंधक अनिल कालरा की अध्यक्षता में आयोजित डीआरयूसीसी की 150वीं बैठक में सवाई माधोपुर का प्रतिनिधित्व करते हुए हुसैन आर्मी ने रेलवे स्टेशन के मुख्य द्वार पर लंबे समय से खाली पड़े ध्वज पोल पर तिरंगा फहराने की मांग प्रमुखता से रखी थी।
उन्होंने बैठक में रेल यात्रियों की सुविधाओं से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण मुद्दे भी उठाए। इनमें जयपुर–मुंबई सुपरफास्ट ट्रेन में जयपुर से सवाई माधोपुर तक सामान्य टिकट सुविधा शुरू करने, कोरोना काल में बंद की गई वरिष्ठ नागरिकों एवं अधिस्वीकृत पत्रकारों की रेल किराया रियायत को पुनः लागू करने, तथा कोरोना काल में बंद हुई मुंबई–फिरोजपुर जनता एक्सप्रेस को दोबारा शुरू करने सहित कई मांगें शामिल थीं।
रेल प्रशासन ने तत्काल दिए कार्रवाई के निर्देश
बैठक के दौरान मंडल रेल प्रबंधक अनिल कालरा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराने के विषय को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इन्हीं निर्देशों की पालना में शुक्रवार को स्थानीय रेलवे प्रशासन ने सादे एवं गरिमामय समारोह के साथ स्टेशन के मुख्य द्वार पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर इस मांग को पूरा किया। रेलवे प्रशासन की त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोगों एवं रेल यात्रियों ने सराहना करते हुए इसे राष्ट्र सम्मान से जुड़ा सराहनीय कदम बताया।
यह भी पढ़ें:

Gangapur City, Rajasthan
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।