स्काउट गाइड तृतीय सोपान प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ


सज्जनगढ़, बांसवाड़ा, अरुण जोशी: राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सज्जनगढ़ (द्वितीय परिसर) में राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड स्थानीय संघ सज्जनगढ़ के तत्वावधान में स्काउट गाइड तृतीय सोपान प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ दिनांक 3 नवम्बर 2025 से हुआ, जो 7 नवम्बर 2025 तक आयोजित किया जाएगा। शिविर के प्रथम दिवस पर उत्साहपूर्ण वातावरण में स्काउट गाइड प्रतिभागियों का पंजीयन प्रारंभ किया गया। उद्घाटन अवसर पर अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (ACBEO) समग्र शिक्षा कार्यालय सज्जनगढ़ विनोद कुमार पटेल एवं संस्था प्रधान डॉ. सरिता बारिया की गरिमामयी उपस्थिति में स्काउट के आधिकारिक स्टीकर का विमोचन किया गया। इस अवसर पर उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं प्रशिक्षकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका स्वागत किया। शिविर के दौरान स्थानीय संघ सचिव श्री रमणलाल पंचासरा ने सभी आगंतुकों का स्वागत किया तथा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के महत्व एवं उनके संघर्षमय जीवन के बारे में प्रेरणादायक जानकारी प्रदान की। उन्होंने छात्रों से आह्वान किया कि वे स्काउट की भावना के साथ समाजसेवा और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं। कार्यक्रम में सहायक सचिव लक्ष्मण खांट, शांतिलाल भेदी, भंवर सिंह धानकी एवं मोहन हगवानिया ने स्काउट गाइड की मूल अवधारणाओं, तृतीय सोपान के नियमों, अनुशासन, प्रार्थना, ध्वज नियम, गांठें, प्राथमिक उपचार तथा दैनिक जीवन में स्काउटिंग के उपयोग पर विस्तार से प्रकाश डाला। शिविर के सफल संचालन में प्रणव पटोत, कांतिलाल डामोर, हीरालाल पटेल, रोशनी बारिया, भावना, मगनलाल निनामा आदि का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम के अंत में आभार प्रदर्शन विन्यामीन गरासिया द्वारा किया गया, जिन्होंने सभी आगंतुकों, प्रशिक्षकों एवं विद्यालय परिवार का धन्यवाद व्यक्त किया। आने वाले दिनों में ध्वज विधि, सामूहिक खेल, प्रथम चिकित्सा, देशभक्ति गीत, साहसिक गतिविधियाँ एवं सेवा कार्यों से प्रतिभागियों को न सिर्फ प्रशिक्षित किया जाएगा, बल्कि उनमें नेतृत्व क्षमता, आत्मअनुशासन एवं सहयोग की भावना को भी विकसित किया जाएगा।


WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now