त्योहारों को लेकर सीएलजी बैठक में पुलिस ने अपराधियों, नशा तस्करों और मुखबिरों पर कड़ी कार्रवाई के साथ गश्त बढ़ाने का निर्णय लिया।
शाहपुरा। शाहपुरा में त्योहारों से पहले पुलिस अलर्ट मोड पर नजर आई। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार शाम पुलिस थाना परिसर में सीएलजी (कम्युनिटी लायजन ग्रुप) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजूम कायल ने स्पष्ट संदेश दिया कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले, नशा तस्करों, अवैध कारोबारियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में पुलिस उपाधीक्षक ओपी विश्नोई, थाना प्रभारी सीआई लीलाधर मालवीय, सब इंस्पेक्टर बालकिशन शर्मा, सीएलजी सदस्य, पुलिस मित्र, ग्राम रक्षक, युवा सीएलजी सदस्य, जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। बैठक में अपराध नियंत्रण, जनसहयोग और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई।
नशा तस्करों और अपराधियों पर कड़ा एक्शन
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजूम कायल ने कहा कि त्योहारों के दौरान किसी भी असामाजिक गतिविधि, नशा तस्करी या कानून हाथ में लेने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि यदि कहीं भी संदिग्ध गतिविधि, अवैध कारोबार या अपराध की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चलाएगी और नशा तस्करों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गश्त बढ़ेगी, संवेदनशील क्षेत्रों पर रहेगी विशेष नजर
बैठक में निर्णय लिया गया कि त्योहारों के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित वाहन गश्त के साथ पैदल मार्च भी किया जाएगा। बाजारों, प्रमुख चौराहों, धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। साथ ही यातायात व्यवस्था को भी सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
पुलिस की मुखबिरी करने वालों पर भी कार्रवाई
एएसपी अंजूम कायल ने पुलिस कार्रवाई और वाहनों की लोकेशन अपराधियों तक पहुंचाने वाले मुखबिरों को भी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि पुलिस की गतिविधियों की जानकारी अपराधियों तक पहुंचाने वालों के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
साइबर अपराधों से सतर्क रहने की अपील
बैठक में बढ़ते साइबर अपराधों पर भी चिंता व्यक्त की गई। पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक, ओटीपी साझा करने और ऑनलाइन ठगी से सावधान रहने की अपील की। किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करने को कहा गया।
जनसहयोग से ही अपराधों पर लगेगा अंकुश
थाना प्रभारी सीआई लीलाधर मालवीय ने कहा कि पुलिस और जनता के बेहतर समन्वय से ही अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। उन्होंने सीएलजी सदस्यों, पुलिस मित्रों और नागरिकों से अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्क रहकर संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस तक पहुंचाने का आग्रह किया।
बैठक में आगामी त्योहारों के दौरान धार्मिक आयोजनों, जुलूसों और सार्वजनिक कार्यक्रमों के शांतिपूर्ण संचालन को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई। उपस्थित सभी सदस्यों ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा जताया।
बैठक के दौरान नागरिकों ने शहर की विभिन्न समस्याओं और अन्य विभागों से जुड़े मुद्दे भी उठाए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर शीघ्र समाधान कराने का आश्वासन दिया।
यह भी पढ़ें:

Bhilwara, Rajasthan
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।