शाहपुरा में रोडवेज बस ने तीन भैंसों को रौंदा, CCTV से खुला हादसे का सच


गर्भवती भैंस की दर्दनाक मौत के बाद लोगों में आक्रोश, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर रोडवेज बस और चालक की पहचान।

शाहपुरा। शाहपुरा थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। पहले जिस घटना को अज्ञात वाहन की टक्कर माना जा रहा था, उसका खुलासा अब सीसीटीवी फुटेज से हो गया है। फुटेज में स्पष्ट दिखाई दिया कि उदयपुर से टोंक जा रही राजस्थान रोडवेज की बस (RJ14 PH 0906) ने सड़क पार कर रही तीन भैंसों को तेज रफ्तार में टक्कर मार दी। हादसे में एक गर्भवती भैंस की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य भैंसें गंभीर रूप से घायल हो गईं।

सीसीटीवी फुटेज से सामने आई पूरी घटना

जानकारी के अनुसार, बुधवार रात करीब 1:20 बजे शाहपुरा पुलिस थाने के सामने स्थित स्वराज ट्रैक्टर एजेंसी के पास तीन भैंसें सड़क पार कर रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार रोडवेज बस वहां पहुंची और तीनों पशुओं को अपनी चपेट में ले लिया।

बाद में घटनास्थल और टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर स्पष्ट हुआ कि हादसे में राजस्थान रोडवेज की बस (RJ14 PH 0906) शामिल थी। फुटेज में बस के आगे का शीशा और दाहिना अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त भी दिखाई दिया।

गर्भवती भैंस की मौके पर मौत

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि गर्भवती भैंस ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के दौरान उसके गर्भ में पल रहा बछड़ा भी बाहर निकल गया। यह दृश्य देखकर मौके पर मौजूद लोग भावुक हो उठे। वहीं अन्य दो भैंसें गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिनका उपचार कराया जा रहा है।

हादसे के बाद बस लेकर फरार हुआ चालक

स्थानीय लोगों का आरोप है कि हादसे के बाद बस चालक वाहन रोकने के बजाय मौके से फरार हो गया। लोगों का कहना है कि यदि चालक रुककर पुलिस और पशु चिकित्सकों को सूचना देता तो घायल पशुओं को समय पर बेहतर उपचार मिल सकता था।

पहले अज्ञात वाहन के खिलाफ दर्ज हुई थी रिपोर्ट

पीड़ित पशुपालक कमलेश कहार, निवासी रामपुरा बस्ती ने प्रारंभ में अज्ञात वाहन के खिलाफ शाहपुरा थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। बाद में परिचितों की मदद से घटनास्थल और शाहपुरा टोल सहित अन्य स्थानों के सीसीटीवी फुटेज जुटाकर पुलिस को उपलब्ध कराए गए, जिससे पूरे मामले का खुलासा हुआ।

पशुपालक को लाखों का नुकसान

मृत भैंस और घायल दो अन्य भैंसों के कारण पशुपालक को लाखों रुपये के आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ा है। ग्रामीणों का कहना है कि पशुपालन कई परिवारों की आजीविका का प्रमुख साधन है और इस हादसे से परिवार को भारी क्षति हुई है।

लोगों में आक्रोश, सख्त कार्रवाई की मांग

घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने रोडवेज बस चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और पीड़ित पशुपालक को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बस और चालक की पहचान कर ली गई है तथा मामले में नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *