शाहपुरा में आचार्य रामदयालजी महाराज की रामत, शाहपुरा संवाद डॉट इन का लोकार्पण


रामद्वारा धाम में आयोजित धर्मसभा में आचार्यश्री ने रामत कार्यक्रम संपन्न कराया और वरिष्ठ पत्रकार मूलचंद पेसवानी के डिजिटल समाचार मंच का शुभारंभ किया।

शाहपुरा। शाहपुरा में आचार्य रामदयालजी महाराज की रामत शनिवार को अंतरराष्ट्रीय रामस्नेही संप्रदाय के आचार्य जगद्गुरु स्वामी रामदयालजी महाराज के सानिध्य में शाहपुरा रामद्वारा धाम से विधिवत संपन्न हुई। इस अवसर पर आयोजित धर्मसभा में वरिष्ठ पत्रकार मूलचंद पेसवानी द्वारा स्थापित डिजिटल समाचार मंच शाहपुरा संवाद डॉट इन का विधिवत लोकार्पण भी आचार्यश्री के करकमलों से रामनिवास धाम की ऐतिहासिक बारादरी में किया गया।

धर्मसभा में बड़ी संख्या में संत, श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान आध्यात्मिक वातावरण के बीच आचार्यश्री ने श्रद्धालुओं को आशीर्वचन प्रदान करते हुए रामस्नेही संप्रदाय की परंपरा, महाप्रभु रामचरणजी महाराज के जीवन और उनके आध्यात्मिक संदेशों पर विस्तार से प्रकाश डाला।

महाप्रभु रामचरणजी की तपस्या का बताया महत्व

आचार्यश्री स्वामी रामदयालजी महाराज ने अपने उद्बोधन में कहा कि महाप्रभु रामचरणजी महाराज द्वारा श्मशान भूमि पर की गई कठोर तपस्या का ही परिणाम है कि आज रामस्नेही संप्रदाय का संदेश देश की सीमाओं से निकलकर विदेशों तक पहुंच चुका है। उन्होंने कहा कि लाखों श्रद्धालु आज भी महाप्रभु के आदर्शों का स्मरण करते हुए उनके बताए मार्ग का अनुसरण कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि आध्यात्मिक जीवन, सेवा और मानव कल्याण की भावना ही समाज को सही दिशा प्रदान करती है तथा संत परंपरा का उद्देश्य भी जनमानस को सदाचार और धर्म के मार्ग पर आगे बढ़ाना है।

भीलवाड़ा चातुर्मास को लेकर दी जानकारी

धर्मसभा को संबोधित करते हुए आचार्यश्री ने बताया कि फूलडोल मेले की पंचमी पर भीलवाड़ा चातुर्मास की घोषणा की गई थी। रामत कार्यक्रम के अवसर पर भीलवाड़ा चातुर्मास समिति के सदस्य भंवरलाल अजमेरा, अशोक कुमार अजमेरा, मुकेश गगरानी, मुरली एवं श्याम इनाणी सहित स्वरूप महिला मंडल, राम साधना महिला मंडल तथा विश्व शांति कल्याण चातुर्मास समिति के सदस्यों ने आचार्यश्री की आरती उतारी।

इसके पश्चात संतों को प्रसाद स्वरूप भोजन कराया गया तथा उपस्थित सभी श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की।

शाहपुरा संवाद डॉट इन का हुआ विधिवत शुभारंभ

धर्मसभा के दौरान वरिष्ठ पत्रकार मूलचंद पेसवानी द्वारा स्थापित डिजिटल समाचार मंच शाहपुरा संवाद डॉट इन का विधिवत लोकार्पण आचार्यश्री स्वामी रामदयालजी महाराज के करकमलों से सम्पन्न हुआ।

इस अवसर पर आचार्यश्री ने संपादक मूलचंद पेसवानी को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और पत्रकारिता को स्वतंत्र, निष्पक्ष तथा समाज की सहभागिता को केंद्र में रखकर राष्ट्रहित में कार्य करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि धर्म, सत्य और नैतिक मूल्यों पर आधारित पत्रकारिता ही अपने वास्तविक दायित्व का निर्वहन कर सकती है। यदि पत्रकार समाज और राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देकर कार्य करें तो मीडिया सकारात्मक परिवर्तन का सशक्त माध्यम बन सकती है।

राम और राष्ट्र सेवा को बताया सर्वोपरि

आचार्यश्री ने कहा कि राम और राष्ट्र की सेवा सर्वोपरि है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि शाहपुरा संवाद डॉट इन सत्य, सकारात्मकता और जनहितकारी पत्रकारिता की नई पहचान बनेगा तथा समाज को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

उन्होंने यह भी कहा कि रामनिवास धाम की मुख्य पीठ से इस डिजिटल समाचार मंच का शुभारंभ होना पूरे शाहपुरा क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।

श्रद्धालुओं और गणमान्य नागरिकों ने दी शुभकामनाएं

कार्यक्रम में उपस्थित श्रद्धालुओं एवं गणमान्य नागरिकों ने भी शाहपुरा संवाद डॉट इन के शुभारंभ का स्वागत करते हुए इसे शाहपुरा की डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक पहल बताया।

इस अवसर पर प्रेस क्लब के चांदमल मुंदड़ा, रामप्रकाश काबरा, गणेश सुगंधी, भेरूलाल पक्षकार, सूर्यप्रकाश आर्य, संचिना अध्यक्ष रामप्रसाद पारीक, गीतकार सत्येंद्र मंडेला, राजकुमार बैरवा सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *