शंकरगढ़ में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध क्लीनिक, पैथोलॉजी और अस्पताल सीज


मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत के बाद स्वास्थ्य विभाग का ताबड़तोड़ एक्शन, बेसमेंट में संचालित ऑपरेशन थिएटर भी किया सीज।

प्रयागराज। मुख्यमंत्री पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के बाद स्वास्थ्य विभाग ने शंकरगढ़ क्षेत्र में बिना मानकों के संचालित निजी स्वास्थ्य संस्थानों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। एडिशनल सीएमओ डॉ. राकेश कुमार पांडेय के नेतृत्व में गठित टीम ने मंगलवार को कार्रवाई करते हुए एक डेंटल क्लीनिक, एक अवैध पैथोलॉजी सेंटर तथा एक अस्पताल के बेसमेंट में संचालित ऑपरेशन थिएटर (ओटी) को सीज कर दिया। कार्रवाई के दौरान स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम मौजूद रही।

शिकायत के बाद दोबारा सीज किया गया डेंटल क्लीनिक

स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई की शुरुआत चुंदवा रोड स्थित स्माइल डेंटल क्लीनिक से हुई। एडिशनल सीएमओ डॉ. राकेश कुमार पांडेय ने बताया कि इस क्लीनिक के संबंध में मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत प्राप्त हुई थी। लगभग पांच से छह माह पूर्व भी इस क्लीनिक को बंद कराया गया था, लेकिन दोबारा संचालन शुरू होने की शिकायत मिलने पर टीम ने मौके पर पहुंचकर क्लीनिक को फिर से सीज कर दिया।

बिना पंजीकरण संचालित मिली पैथोलॉजी

इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शंकरगढ़ के निकट संचालित एक पैथोलॉजी सेंटर पहुंची। जांच के दौरान यह पैथोलॉजी बिना वैध पंजीकरण के संचालित होती मिली। नियमों के उल्लंघन पाए जाने पर टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पैथोलॉजी को सीज कर दिया।

बेसमेंट में चल रहा था ऑपरेशन थिएटर

निरीक्षण के दौरान टीम ने एक निजी अस्पताल का भी निरीक्षण किया, जहां ऑपरेशन थिएटर बेसमेंट में संचालित पाया गया। अस्पताल के अभिलेखों और व्यवस्थाओं में भी अनियमितताएं मिलने पर स्वास्थ्य विभाग ने बेसमेंट को सीज कर दिया तथा संचालक को आवश्यक दस्तावेज व्यवस्थित रखने और निर्धारित मानकों का पालन करने के निर्देश दिए।

एक अन्य अस्पताल को दी चेतावनी

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने राम भवन चौराहा स्थित एक अन्य अस्पताल का भी निरीक्षण किया। यहां तत्काल सीज की कार्रवाई नहीं की गई, लेकिन अस्पताल संचालक को निर्धारित स्वास्थ्य मानकों का कड़ाई से पालन करने की चेतावनी दी गई।

स्वास्थ्य विभाग ने दी सख्त चेतावनी

कार्रवाई के दौरान जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पंकज पांडेय, डॉ. राकेश जायसवाल, उप निरीक्षक शिवकुमार यादव, शंकरगढ़ पुलिस तथा स्वास्थ्य विभाग की टीम मौजूद रही।

स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया कि बिना पंजीकरण या नियमों के विपरीत संचालित स्वास्थ्य संस्थानों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा। अधिकारियों ने कहा कि मरीजों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की अनियमितता या मानकों से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *