प्रयागराज में विकास कार्यों की समीक्षा, डीएम ने लापरवाही पर अधिकारियों से मांगा स्पष्टीकरण


जिलाधिकारी ने विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा करने और लंबित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

प्रयागराज। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में बुधवार को एनआईसी सभागार में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने लक्ष्य के अनुरूप कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने विकास कार्यों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के प्रति नाराजगी जताते हुए कई मामलों में स्पष्टीकरण भी तलब किया।

मॉडल कम्पोजिट विद्यालय का कार्य शुरू न होने पर नाराजगी

बैठक में मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय निर्माण कार्य की समीक्षा के दौरान विकास खंड श्रृंगवेरपुर में प्रस्तावित विद्यालय के निर्माण के लिए निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद कार्य शुरू नहीं होने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने यूपीसीडको के अधिशासी अभियंता को कारण बताओ स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

जीरो पॉवर्टी योजना में सत्यापन कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश

जिलाधिकारी ने जीरो पॉवर्टी योजना के अंतर्गत 15,250 लाभार्थियों के विद्युत संयोजन सत्यापन का कार्य लंबित मिलने पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने विद्युत विभाग के नोडल अधिशासी अभियंता से स्पष्टीकरण मांगते हुए संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि चिन्हित सभी लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से शत-प्रतिशत लाभान्वित किया जाए।

हेलीपैड और गोसंवर्धन योजना पर भी दिए निर्देश

जनपद में प्रस्तावित 16 हेलीपैड स्थलों का चिन्हीकरण अभी तक नहीं होने पर जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिशासी अभियंता को शीघ्र स्थानों का चयन कर प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा गोसंवर्धन योजना के अंतर्गत दो इकाइयों की स्थापना लंबित मिलने पर मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को तत्काल आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए गए।

विंध्य एक्सप्रेस-वे और अन्य योजनाओं की हुई समीक्षा

बैठक में विंध्य एक्सप्रेस-वे परियोजना की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) को शेष 23 ग्रामों से संबंधित प्रस्तावों की सभी औपचारिकताएं पूरी कर शीघ्र शासन को भेजने के निर्देश दिए।

उन्होंने मिनी नंदिनी कृषि समृद्धि योजना के अंतर्गत तीन लाभार्थियों के ऋण स्वीकृति प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण कराने तथा लखपति दीदी योजना के तहत निर्धारित लक्ष्य शत-प्रतिशत पूरा करने के लिए जिला मिशन प्रबंधक (एनआरएलएम) को निर्देशित किया।

अधिकारियों को समयबद्ध कार्यवाही के निर्देश

जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें, ताकि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय पर पहुंच सके। उन्होंने चेतावनी दी कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी संतोष कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *