नियमों की अनदेखी कर बंदी के दिन भी बेख़ौफ़ खुल रहा शंकरगढ़ बाजार


जिला प्रशासन के द्वारा शंकरगढ़ कस्बा के लिए नियत साप्ताहिक बंदी शनिवार

साप्ताहिक बंदी की जगह बाजार में हो रही मासिक बंदी

आदेश बेअसर हर महीने की 15 तारीख को हो रही बंदी बावजूद उसके खुल रही दुकानें

प्रयागराज। जनपद के यमुनानगर नगर पंचायत शंकरगढ़ कस्बा के लिए जिला प्रशासन के द्वारा साप्ताहिक बंदी का दिन शनिवार नियत किया गया है।जिलाधिकारी के द्वारा दिए गए निर्देशों के बाद भी व्यापारियों के द्वारा साप्ताहिक बंदी के बजाय माहवारी बंदी के रूप में महीने की हर 15 तारीख को बाजार बंद किया जाता है। बावजूद उसके बंदी के दिन भी दुकानों को बंद नहीं रखा जाता है। बाजार की लगभग 90 प्रतिशत दुकानें खुली रहती हैं।दुकानों पर कार्य करने वाले श्रमिकों को अवकाश नहीं मिल पा रहा है। दुकानदारों के द्वारा सुबह से ही दुकान अन्य दिनों की तरह खोली जाती हैं। बाजार में खाने-पीने की दुकानें, रेडीमेड कपड़ों की दुकानें, जनरल स्टोर, जूता चप्पल मोबाइल सहित अन्य प्रतिष्ठान अन्य दिनों की तरह ही खुले रहते हैं। इस मामले में श्रम प्रवर्तन अधिकारी का कहना है कि नियमानुसार साप्ताहिक बंदी का पालन अनिवार्य है व्यापारियों व दुकानदारों का इसका पूर्ण रूपेण पालन करना होगा। लेकिन इसकी खास वजह यह है कि समय समय पर संबंधित विभाग के द्वारा चेकिंग अभियान न चलाए जाने के कारण साप्ताहिक बंदी का पालन न करते हुए दुकानों को खोला जा रहा है।वहीं प्रशासन सब कुछ जानकार अनजान बना हुआ है। इस बाबत व्यापार मंडल अध्यक्ष शंकरगढ़ अरविंद केसरवानी से दूरभाष पर जानकारी ली गई तो बताया गया कि बंदी होना अनिवार्य है मगर कुछ व्यापारियों की वजह से बंदी सफल नहीं हो पा रही है ऐसे में संबंधित विभाग को मामले में संज्ञान लेकर बाजार बंदी का पालन करवाना चाहिए। लगातार खबरें प्रकाशित होने के बावजूद भी बंदी सफल नहीं हो पा रही है।


WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now