उत्तराखंड सरकार की निःशुल्क तीर्थ यात्रा योजना के तहत श्रद्धालुओं को विशेष ट्रेन से सोमनाथ धाम भेजा गया।
नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल से सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा के तहत लगभग तीन दर्जन श्रद्धालुओं को रविवार को हल्द्वानी रोडवेज बस स्टेशन से गुजरात स्थित प्रथम ज्योतिर्लिंग भगवान सोमनाथ धाम के लिए रवाना किया गया। यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं की बस को नैनीताल सांसद अजय भट्ट ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भारत सरकार एवं उत्तराखंड सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की इस पहल की सराहना की।
सांसद अजय भट्ट ने दी शुभकामनाएं
इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट ने श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह अत्यंत पवित्र अवसर है और सरकार की यह योजना समाज के लिए महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि अनेक लोग आर्थिक या अन्य कारणों से तीर्थ यात्रा नहीं कर पाते थे, लेकिन अब सरकार की इस योजना के माध्यम से उन्हें निःशुल्क यात्रा का अवसर मिल रहा है।
उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत यात्रियों के लिए आना-जाना, आवास, भोजन, चिकित्सा सुविधा तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालु भगवान के दर्शन कर प्रदेश और देश की उन्नति, सुख-समृद्धि तथा सभी की मंगलकामना करेंगे।
देहरादून से विशेष ट्रेन होगी रवाना
जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति आर्या ने बताया कि नैनीताल जिले से रवाना हुए श्रद्धालु पहले देहरादून पहुंचेंगे, जहां उत्तराखंड के सभी 13 जनपदों से आए श्रद्धालुओं का समागम होगा।
इसके बाद हर्रावाला (देहरादून) से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर श्रद्धालुओं को गुजरात स्थित सोमनाथ धाम के लिए रवाना करेंगे। उन्होंने बताया कि सभी श्रद्धालु उत्तराखंड के 13 जनपदों से लाए गए पवित्र जल से भरे कलश भी अपने साथ सोमनाथ धाम लेकर जाएंगे।
यात्रियों को मिल रही सभी सुविधाएं निःशुल्क
उन्होंने बताया कि यह विशेष धार्मिक एवं सांस्कृतिक यात्रा हर्रावाला (देहरादून) से गुजरात स्थित सोमनाथ तक विशेष ट्रेन के माध्यम से संचालित की जा रही है। राज्य सरकार की ओर से चयनित यात्रियों को वातानुकूलित (एसी) रेल यात्रा, आवास, भोजन और स्थानीय परिवहन की समस्त सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं।
यात्रा में महिलाएं, वरिष्ठ नागरिक, युवा, स्वयंसेवक तथा विभिन्न सामाजिक क्षेत्रों से जुड़े लोग शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इस योजना का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों को देश की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत से जोड़ना है।
नैनीताल जिले से 37 श्रद्धालु हुए शामिल
जिला पर्यटन विकास अधिकारी ने जानकारी दी कि नैनीताल जिले से कुल 37 श्रद्धालु इस यात्रा में शामिल हुए हैं, जिनमें 14 महिलाएं और 23 पुरुष शामिल हैं।
इस अवसर पर उत्तराखंड सरकार में दर्जा राज्यमंत्री दीपक माहरा, मोहन पाठक, सांसद प्रतिनिधि लक्ष्मण खाती, उपजिलाधिकारी हल्द्वानी मोनिका, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, तहसीलदार कुलदीप पाण्डे, खंड विकास अधिकारी असगर तनवीर सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें:

नैनीताल, उत्तराखंड
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।