नैनीताल के ओखलकांडा स्कूल में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान, छात्र-छात्राओं ने किया वृक्षारोपण


वन विभाग और विद्यालय परिवार ने संयुक्त रूप से पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और वनों की सुरक्षा का संदेश दिया।

नैनीताल। भारत सरकार एवं उत्तराखंड सरकार के ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत नैनीताल के दूरस्थ क्षेत्र ओखलकांडा स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में पौधरोपण एवं स्वच्छता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भूमि संरक्षण वन प्रभाग के ओखलकांडा रेंज एवं वन पंचायत बबियाड़ के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों तथा वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान ‘हमारा वृक्ष, हमारा स्कूल’ अभियान के अंतर्गत विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया। पौधरोपण के माध्यम से विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।

औषधीय और छायादार पौधों का किया गया रोपण

अभियान के तहत तेजपात, बहेड़ा, हरड़, घिंगारु, किलमाडु और आंवला सहित विभिन्न औषधीय एवं उपयोगी पौधों का रोपण किया गया। इसके साथ ही विद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान भी चलाया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

वन संरक्षण का संदेश, पौधों की देखभाल पर दिया जोर

इस अवसर पर वन दरोगा चन्द्र शेखर जोशी ने विद्यार्थियों को वृक्षारोपण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भारत सरकार और उत्तराखंड सरकार द्वारा संचालित ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत लगाए जा रहे पौधे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ औषधीय गुणों से भी भरपूर हैं।

उन्होंने कहा कि पर्यावरण के सतत विकास के लिए निरंतर वृक्षारोपण करना और जंगलों की रक्षा करना हम सभी की जिम्मेदारी है। केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण करना भी उतना ही आवश्यक है। तभी वृक्षारोपण अभियान अपने उद्देश्य को पूरा कर सकेगा।

वनों में आग की सूचना देने की अपील

वन दरोगा चन्द्र शेखर जोशी ने कहा कि कई बार असामाजिक तत्वों द्वारा वनों में आग लगाने जैसी घटनाएं सामने आती हैं। यदि किसी व्यक्ति को ऐसी गतिविधि की जानकारी मिले तो वह तत्काल वन विभाग या संबंधित विभाग को सूचना दे। उन्होंने बताया कि सूचना देने वाले व्यक्ति को विभाग की ओर से पुरस्कृत भी किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि “वन हैं तो जीवन है, वन हैं तो सब कुछ है।” इसलिए सभी लोगों को वनों के संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा के लिए आगे आना चाहिए।

कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षक एवं वन विभाग के अनिल कुमार, कमल कुलौरा, शिवनारायण सिंह और अनिल फुलारा सहित दर्जनों लोग उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *