फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई की मांग, दोषियों को कड़ी सजा और बेटियों की सुरक्षा को लेकर जताई चिंता
भीलवाड़ा। श्रीगंगानगर में एक बालिका के साथ हुई जघन्य घटना के विरोध में अंतरराष्ट्रीय वैश्य महिला संगठन की पदाधिकारियों एवं महिला कार्यकर्ताओं ने अपनी नाराजगी जाहिर की। संगठन की ओर से शुक्रवार को महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन के माध्यम से संगठन ने मांग की कि इस मामले की सुनवाई शीघ्रता से फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराई जाए तथा दोषियों को कड़ी से कड़ी एवं उदाहरणात्मक सजा दी जाए। संगठन का कहना है कि ऐसी सजा होनी चाहिए, जिससे भविष्य में इस प्रकार के अपराधों पर प्रभावी रोक लग सके और अपराधियों में कानून का भय कायम हो।
घटना ने पूरी मानवता को झकझोर दिया: संगठन पदाधिकारी
प्रदेश मंत्री प्रतिभा मानसिंहका, जिलाध्यक्ष लीला राठी एवं जिला मंत्री सुमन अग्रवाल ने संयुक्त रूप से कहा कि श्रीगंगानगर की घटना ने पूरी मानवता को झकझोर कर रख दिया है।
उन्होंने कहा कि बेटियों की सुरक्षा आज समाज के सामने एक गंभीर विषय बन चुकी है। उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि बेटियां अपने ही घर-आंगन में सुरक्षित महसूस नहीं कर पा रही हैं, जो बेहद चिंताजनक स्थिति है।
संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि एक सभ्य समाज में इस प्रकार की क्रूरता के लिए कोई स्थान नहीं हो सकता। उन्होंने राष्ट्रपति से अपील करते हुए कहा कि मामले की त्वरित सुनवाई कर दोषियों को ऐसी कठोर और ऐतिहासिक सजा दिलाई जाए, जिससे कोई भी व्यक्ति भविष्य में इस प्रकार का अपराध करने का साहस न कर सके।
बेटियों की सुरक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प
अंतरराष्ट्रीय वैश्य महिला संगठन ने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय मिलने तक संगठन अपनी आवाज उठाता रहेगा। पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बेटियों की सुरक्षा और न्याय के लिए संगठन लगातार प्रयास करता रहेगा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान संगठन की अनेक पदाधिकारी और महिला कार्यकर्ता मौजूद रहीं। उपस्थित महिलाओं ने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने और महिला सुरक्षा सुनिश्चित करने के समर्थन में आवाज उठाई।
इस अवसर पर कोषाध्यक्ष सुलोचना गर्ग, जतन हिंगड़, शशि अजमेरा, स्नेहलता पटवारी, कल्पना माहेश्वरी, शशि सिंगल, सुमन सराफ, निशा सोनी, बिना अग्रवाल, प्रेमलता अग्रवाल, आशा अग्रवाल एवं सीमा लोढ़ा सहित संगठन की अन्य पदाधिकारी एवं महिला कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।
यह भी पढ़ें:
Bhilwara, Rajasthan
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।