भारत विकास परिषद स्थापना दिवस पर पौधरोपण, 27 बालकों को मिली जिम्मेदारी


भाविप के 64वें स्थापना दिवस पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश, बच्चों ने पौधों की देखभाल का लिया संकल्प

भीलवाड़ा। भारत विकास परिषद स्थापना दिवस पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। भारत विकास परिषद, विवेकानंद शाखा एवं श्री केशव स्मृति सेवा प्रन्यास के संयुक्त तत्वावधान में परिषद के 64वें स्थापना दिवस के अवसर पर गुरु कानिफनाथ छात्रावास परिसर में सेवा, संस्कार और पर्यावरण संरक्षण की भावना के साथ विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।

पंकज पोरवाल की रिपोर्ट के अनुसार कार्यक्रम के दौरान छात्रावास परिसर में पौधरोपण एवं पौधा वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों एवं परिषद के पदाधिकारियों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।

‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत बच्चों को सौंपी जिम्मेदारी

कार्यक्रम के तहत गुरु कानिफनाथ छात्रावास परिसर में ट्री-गार्ड सहित 22 फलदार एवं छायादार पौधे लगाए गए। वहीं ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत छात्रावास के 27 बालकों को पौधों के संरक्षण की व्यक्तिगत जिम्मेदारी सौंपी गई।

प्रत्येक बालक के नाम से एक पौधा लगाया गया। इनमें जामुन, आम, गुलमोहर सहित विभिन्न प्रजातियों के फलदार एवं छायादार पौधे शामिल रहे। बच्चों ने अपने-अपने पौधों की नियमित देखभाल कर उन्हें बड़ा वृक्ष बनाने का संकल्प लिया।

पर्यावरण प्रभारी राकेश तिवारी ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से कॉलोनीवासियों को 280 तुलसी के औषधीय पौधे तथा 150 फलदार एवं छायादार पौधे निःशुल्क वितरित किए गए।

उन्होंने बताया कि लोगों से अपने घरों, आंगनों और सार्वजनिक स्थानों पर अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी सुरक्षा एवं संरक्षण करने की अपील की गई।

हर खुशी के अवसर पर पौधा लगाने का लें संकल्प: डॉ. शंकर लाल माली

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत कार्यवाह डॉ. शंकर लाल माली ने भारत विकास परिषद की सेवा गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन के हर खुशी के अवसर को पौधरोपण से जोड़ना चाहिए।

उन्होंने कहा कि जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ, गृह प्रवेश या अन्य मांगलिक कार्यक्रमों पर यदि प्रत्येक परिवार एक पौधा लगाए और उसकी जिम्मेदारी निभाए तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा बदलाव संभव है।

डॉ. माली ने कहा कि प्रकृति से जुड़ना और पेड़-पौधों का संरक्षण करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। पौधे लगाने के साथ उनकी देखभाल करना भी उतना ही आवश्यक है, तभी पौधरोपण अभियान सफल हो सकेगा।

परिषद की सेवा गतिविधियों की हुई सराहना

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए परिषद के प्रांतीय अध्यक्ष राधेश्याम सोमानी ने भारत विकास परिषद को देश के प्रमुख सेवा संगठनों में से एक बताया। उन्होंने भीलवाड़ा इकाई द्वारा संचालित सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि परिषद समाज सेवा के साथ पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर लगातार जनजागरण का कार्य कर रही है।

कार्यक्रम का संचालन बालकृष्ण पारीक ने किया। उन्होंने बच्चों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने के लिए प्रेरित किया।

अंत में गोविंद प्रसाद सोडाणी ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित लोगों ने पौधों को वृक्ष बनाने और पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करने का सामूहिक संकल्प लिया।

इस अवसर पर विद्या भारती के हीरालाल टेलर, स्वामी विवेकानंद शाखा के अध्यक्ष गिरीश अग्रवाल, छात्रावास समिति के राजेश व्यास, विशाल गुरुजी, सचिव केजी सोनी, कोषाध्यक्ष आदित्य मानसिंह सहित परिषद के पदाधिकारी, कॉलोनीवासी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *