कोटा 20 दिसम्बर। राजस्थान शिक्षक संघ (अम्बेडकर) द्वारा आयोजित प्रदेश स्तरीय शैक्षिक सम्मेलन 19 एवं 20 दिसम्बर को कोटा स्थित कंचन मोहन रिसोर्ट, बोरखेड़ा में अम्बेडकर विचारधारा को समर्पित गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। सम्मेलन का शुभारंभ बुद्ध वंदना एवं माल्यार्पण के साथ किया गया।
सम्मेलन के उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता प्रदेशाध्यक्ष दिलीपनाथ माहौर ने की, जबकि द्वितीय सत्र की अध्यक्षता प्रदेश सभाध्यक्ष हीराराम रेड्डी ने की। द्वितीय सत्र में मुख्य अतिथि प्रहलाद गुंजल लोकसभा प्रत्याशी, कोटा बूंदी तथा विशिष्ट अतिथि श्रीमती राखी गौतम कांग्रेस शहर जिलाध्यक्ष, कोटा रहीं। इस अवसर पर श्रीमती रेखा कलोसिया लाखेरी भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
मुख्य अतिथि प्रहलाद गुंजल ने अपने उद्बोधन में शिक्षकों के हितों, सेवा सुरक्षा एवं सम्मानजनक कार्य परिस्थितियों की आवश्यकता पर बल दिया। श्रीमती राखी गौतम ने सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए संगठन का आभार व्यक्त किया। श्रीमती रेखा कलोसिया ने इस विशाल एवं अनुशासित आयोजन की सराहना करते हुए इसे शिक्षक एकता का प्रतीक बताया।
कार्यक्रम का मंच संचालन सुरेश जिंदल (प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष, कोटा संभाग) द्वारा किया गया। मंचासीन अतिथियों का जिला एवं ब्लॉक इकाइयों द्वारा सम्मान किया गया। साथ ही जिलाध्यक्षों, जिला मंत्रियों एवं भामाशाहों का सम्मान भीम दुपट्टा एवं प्रतीक चिह्न भेंट कर किया गया।
शिक्षक अमसिंह बैरवा ने बताया कि सम्मेलन में संगठन द्वारा विस्तृत मांग-पत्र प्रस्तुत किया गया, जिसमें ओपीएस को यथावत रखने, शैक्षिक उन्नयन व गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने, पदोन्नति में नियमानुसार आरक्षण लागू करने, सभी संवर्गों की डीपीसी समय पर कराने, शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक एवं बीएलओ कार्यों से मुक्त करने, स्थानांतरण नीति को स्पष्ट व पारदर्शी बनाने, रोस्टर रजिस्टर का संधारण करने, पाठ्यक्रम में डॉ. भीमराव अम्बेडकर, ज्योतिबा फुले व सावित्रीबाई फुले की जीवनियां शामिल करने, छात्रवृत्ति राशि समय पर वितरित करने, 6-डी काउंसलिंग में स्थानीय शिक्षकों को वरीयता देने, पंचायत सहायकों को गैर-शैक्षणिक कार्य सौंपने, रसोइयों व हेल्परों के मानदेय में वृद्धि कर चतुर्थ श्रेणी पद पर नियुक्ति करने, पति-पत्नी को एक ही जिले में नियुक्ति देने, विद्यालयों में कंप्यूटर व प्रिंटर की सरकारी बजट से व्यवस्था करने, दुर्गम क्षेत्रों में कार्यरत शिक्षकों को विशेष भत्ता व आवास सुविधा देने, सभी रिक्त पदों पर शीघ्र नियुक्ति करने तथा वेतन विसंगतियां दूर करने जैसे 17 सूत्रीय बिंदु शामिल रहे।
सम्मेलन में ब्लॉक एवं जिला पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र जारी किए गए। समापन सत्र में प्रदेश मुख्य महामंत्री गोकुलराम मीणा, प्रदेश प्रवक्ता भागचंद पिंगोलिया सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। अंत में प्रदेश सभाध्यक्ष हीराराम रेड्डी ने सम्मेलन के अम्बेडकर थीम पर सफलतापूर्वक सम्पन्न होने की घोषणा की।
सम्मेलन के सफल आयोजन में कोटा जिलाध्यक्ष अर्जुनलाल बैरवा, जिला महामंत्री चन्द्र प्रकाश चनोदिया, जिला संयोजक घनश्याम वर्मा, सह-संयोजक चिरोंजी लाल समरिया, संभाग प्रभारी गोपाल माहौर, प्रदेश प्रतिनिधि मुरलीधर, जिला सभाध्यक्ष मदनलाल बौद्ध, रामेश्वर मेघवाल सहित पूरी कोटा टीम का पूर्ण सहयोग रहा।

2014 से लगातार पत्रकारिता कर रहे हैं। 2015 से 2021 तक गंगापुर सिटी पोर्टल (G News Portal) का बतौर एडिटर सञ्चालन किया। 2017 से 2020 तक उन्होंने दैनिक समाचार पत्र राजस्थान खोज खबर में काम किया। 2021 से 2022 तक दैनिक भास्कर डिजिटल न्यूज और साधना न्यूज़ में। 2021 से अब तक वे आवाज आपकी न्यूज पोर्टल और गंगापुर हलचल (साप्ताहिक समाचार पत्र) में संपादक और पत्रकार हैं। साथ ही स्वतंत्र पत्रकार हैं।