बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ पोस्टर का होगा विमोचन; विशाल रक्तदान शिविर के जरिए मानवता की सेवा का संकल्प
भीलवाड़ा। (पंकज पोरवाल) सेवा और समर्पण की प्रतिमूर्ति फ्लोरेंस नाइटिंगेल की स्मृति में आगामी 12 मई को ‘अंतरराष्ट्रीय नर्सेज दिवस’ भीलवाड़ा जिला मुख्यालय पर हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। भीलवाड़ा नर्सेज एसोसिएशन द्वारा आयोजित होने वाले इस भव्य समारोह की तैयारियों को लेकर बुधवार को सेवानिवृत्त नर्सिंग अधीक्षक दिनेश सोनी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
वरिष्ठ नर्सिंग कर्मियों का होगा सार्वजनिक अभिनंदन
एसोसिएशन के मुख्य संरक्षक फरीद मोहम्मद रंगरेज ने बताया कि इस वर्ष का समारोह दशकों तक मानवता की सेवा करने वाले अनुभवी कंधों को समर्पित होगा। कार्यक्रम के दौरान जिले के 61 वरिष्ठ एवं सेवानिवृत्त नर्सिंग कर्मियों को मंच पर सम्मानित किया जाएगा।
सामाजिक सरोकारों से जुड़ेगा आयोजन
राजस्थान नर्सेज यूनियन के जिलाध्यक्ष लक्की ब्यावट ने जानकारी दी कि इस अवसर पर एक विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर भी लगाया जाएगा। संगठन के संरक्षक मुकुट राज सिंह शक्तावत ने बताया कि कार्यक्रम में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के पोस्टर का विमोचन किया जाएगा। इस दौरान सांसद, जिला कलेक्टर और विधायक सहित कई वरिष्ठ अधिकारी अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
नर्सिंग संवर्ग की मजबूती पर मंथन
बैठक में नर्सिंग प्रोफेशन की गरिमा को नई ऊंचाइयों पर ले जाने और संवर्ग की समस्याओं पर भी विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान कार्यवाहक नर्सिंग अधीक्षक ओमप्रकाश जैन, सत्यनारायण बिल्लू, काशीराम नायक, सिराज खान सहित कई सक्रिय सदस्य उपस्थित थे। वक्ताओं ने कहा कि नर्सेज समाज की रीढ़ हैं और यह समारोह युवा पीढ़ी को सेवा भाव के लिए प्रेरित करेगा।
यह भी पढ़ें:

Awaaz Aapki News is an online publication, which comes under Gangapur Hulchal (weekly newspaper). aawazaapki.com provides information about more and more news.