ग्रामीणों की सतर्कता से हथियारों के साथ चार संदिग्ध दबोचे गए, पुलिस ने टोपीदार बंदूक, बारूद और अन्य सामग्री बरामद की।
सवाई माधोपुर। बरनाला तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत सुंदरी में रविवार रात हथियारबंद संदिग्धों की मौजूदगी से पूरे गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों की सतर्कता और तत्परता के चलते चार संदिग्धों को मौके पर ही पकड़ लिया गया, जबकि उनके साथ चल रही एक कार में सवार कुछ अन्य लोग अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। सूचना मिलने पर बाटोदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और चारों आरोपियों को हिरासत में लेकर थाने ले गई।
ग्रामीणों ने की नाकेबंदी, चार संदिग्धों को दबोचा
जानकारी के अनुसार रविवार रात करीब 10 बजे दो-तीन मोटरसाइकिलों पर सवार कुछ युवक हथियारों के साथ गांव में घूमते दिखाई दिए। इसकी सूचना तेजी से पूरे गांव में फैल गई। ग्रामीणों ने तत्काल नाकेबंदी कर चार संदिग्धों को पकड़ लिया। ग्रामीणों के अनुसार उनके पीछे चल रही एक कार में सवार कुछ अन्य लोग मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति
घटना की सूचना मिलते ही बाटोदा थाना पुलिस एवं रामसिंहपुरा पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी भोजराम जाट ने बताया कि कांस्टेबल खुशीराम, जयसिंह, शीशराम, देवेंद्र एवं अमिनेष की टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से पकड़े गए आरोपियों को हिरासत में लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुकेश पुत्र रामनिवास मोगिया निवासी मीणा कोलेता (थाना बामनवास), महेंद्र पुत्र सुबान बावरिया निवासी खटूंबर (थाना लालसोट), महेश पुत्र रूपसिंह मोगिया निवासी नानेटा खेड़ा (थाना बामनवास) तथा विजेंद्र पुत्र सुभाष उर्फ सुभान बावरिया निवासी शाहजहांपुरा (थाना राहुवास) के रूप में हुई है।
अवैध हथियार और अन्य सामग्री बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक टोपीदार बंदूक, बारूद, छर्रे, धातु की गोलियां, दो मोटरसाइकिलें तथा अन्य सामग्री बरामद की है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर फरार अन्य लोगों की तलाश भी की जा रही है।
थाना प्रभारी भोजराम जाट ने बताया कि मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है तथा पूछताछ के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
यह भी पढ़ें:

Sawai Madhopur, Rajasthan
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।