रेलवे स्टेशन की निःशुल्क जल सेवा पूर्ण होने पर जल सेवकों का सम्मान, 108 दीपों से भगवान महावीर की आराधना और वृक्षारोपण का संकल्प।
गंगापुर सिटी। दिगंबर जैन सोशल ग्रुप, गंगापुर सिटी द्वारा रेलवे स्टेशन पर करीब ढाई माह तक संचालित निःशुल्क जल सेवा अभियान के समापन अवसर पर रविवार को दिगंबर जैन मंदिर, नसियां जी में जल सेवक मिलन समारोह एवं सघन वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समारोह में जल सेवा अभियान से जुड़े सेवकों, विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाले सदस्यों एवं समाजसेवियों का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान महावीर स्वामी के समक्ष दीप प्रज्वलन, मंगलाचरण एवं सामूहिक णमोकार मंत्र पाठ के साथ हुआ। इसके बाद जल सेवा अभियान में उत्कृष्ट योगदान देने वाले जल सेवकों को तिलक, दुपट्टा, माल्यार्पण एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
रेलवे अधिकारियों व चिकित्सकों का हुआ सम्मान
कार्यक्रम संयोजक धर्मेंद्र जैन पांड्या एवं दीपेंद्र जैन पाटनी ने बताया कि श्री महावीरजी रेलवे स्टेशन परिसर में भगवान महावीर स्वामी की प्रतिमा स्थापना में विशेष सहयोग देने वाले रेलवे के एक्सईएन अनिल कुमार जैन का सम्मान किया गया। साथ ही होम्योपैथी चिकित्सा क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले डॉ. मानव जैन, मुख्य अतिथि वर्धमान हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. मनोज जैन एवं डॉ. सुलेखा जैन, तथा विशिष्ट अतिथि दिगंबर जैन समाज के अध्यक्ष प्रवीण जैन गंगवाल का भी अभिनंदन किया गया।
समारोह में रेलवे के सहायक मंडल अभियंता पद से सेवानिवृत्त प्रवीण कुमार जैन का सम्मान किया गया। वहीं आगामी 31 जुलाई को रेल सेवा से सेवानिवृत्त होने जा रहे ग्रुप अध्यक्ष नरेंद्र जैन ‘नृपत्या’ का भी भावपूर्ण अभिनंदन किया गया।
15 वर्षों से जारी पक्षियों की चुग्गा सेवा
संयोजक मंडल के सदस्य जगदीश जैन एवं अरविंद जैन गोधा ने बताया कि नसियां जी परिसर में पिछले 15 वर्षों से संचालित पक्षियों की चुग्गा व्यवस्था की समीक्षा की गई। इसके संचालन के लिए ग्रुप सदस्यों ने आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया।
108 पौधों का किया गया रोपण
अशोक जैन पांड्या के नेतृत्व में आयोजित वृक्षारोपण अभियान के तहत नसियां जी परिसर में 108 विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। सभी सदस्यों ने पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प लिया।
मुख्य अतिथि डॉ. मनोज जैन, डॉ. सुलेखा जैन तथा विशिष्ट अतिथि प्रवीण जैन गंगवाल ने ग्रुप की सामाजिक, धार्मिक एवं सेवा गतिविधियों की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी पहल बताया।
108 दीपों से हुई भगवान महावीर की आरती
ग्रुप के सचिव महेश जैन ने संस्था की विभिन्न सेवा गतिविधियों की जानकारी दी। अध्यक्ष नरेंद्र जैन ‘नृपत्या’ ने निःशुल्क जल सेवा अभियान को सफल बनाने में सहयोग देने वाले रेलवे प्रशासन, आरपीएफ, सभी सहयोगियों एवं दानदाताओं का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर आरपीएफ थाना प्रभारी अशोक कुमार मीणा एवं उनकी टीम को भी विशेष सम्मान प्रदान किया गया।
समारोह में सबसे वरिष्ठ जल सेवक एवं दिगंबर जैन समाज के पूर्व अध्यक्ष सतीश जैन पांड्या का विशेष अभिनंदन किया गया। साथ ही दिगंबर जैन सोशल ग्रुप फेडरेशन द्वारा वर्ष 2024-25 में राष्ट्रीय स्तर पर श्रेष्ठ अध्यक्ष का सम्मान प्राप्त करने पर के.के. जैन एवं मोनिका जैन सहित राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त सदस्यों को भी सम्मानित किया गया।
वात्सल्य भोजन के पश्चात नसियां जी जिनालय में भगवान जिनेंद्र की 108 दीपों से भव्य आरती की गई।
कार्यक्रम का संचालन निशा जैन पांड्या, शिल्पी जैन गोधा, नीरू जैन पाटनी, मधु जैन एवं चंद्रेश जैन ने किया। समारोह में ग्रुप के पदाधिकारी, सदस्य, समाजजन एवं बड़ी संख्या में जल सेवक उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें:

Gangapur City, Rajasthan
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।