नवनिर्वाचित अध्यक्ष कमला महावर की अध्यक्षता में हुई बैठक, पार्षदों ने सड़क, अतिक्रमण, जलभराव और वार्डों की समस्याओं के समाधान की मांग की
सूरौठ। नगरपालिका सूरौठ के नवगठित बोर्ड की साधारण सभा की पहली बैठक बुधवार को पालिका सभागार में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता नवनिर्वाचित नगरपालिका अध्यक्ष कमला महावर ने की। बैठक में तहसीलदार एवं कार्यवाहक अधिशासी अधिकारी अशोक कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैठक में अधिकांश पार्षदों ने कस्बे में जगह-जगह जलदाय विभाग की पाइपलाइनों में लीकेज के कारण दूषित पेयजल आपूर्ति का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। पार्षदों ने कहा कि पाइपलाइनों के जर्जर होने से नालियों का गंदा पानी उनमें मिल रहा है, जिससे घरों में नलों के जरिए दूषित पानी पहुंच रहा है। उन्होंने संबंधित विभाग से समस्या का शीघ्र समाधान कराने की मांग की।
सड़क, अतिक्रमण और नालियों की समस्याएं उठाईं
बैठक में पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों की मूलभूत समस्याएं सदन के सामने रखीं। इनमें खराब सड़कें, आम रास्तों पर अतिक्रमण, अवरुद्ध नालियां और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं शामिल रहीं।
बैठक में अधिशासी अधिकारी अशोक कुमार, पीडब्ल्यूडी जेईएन ध्यानसिंह पोसवाल, जलदाय विभाग के जेईएन विनीत पाराशर, बिजली निगम के जेईएन राजेश मीणा, नगरपालिका जेईएन राजीव धाकड़, वरिष्ठ लिपिक अरिहंत जैन, सफाई निरीक्षक खेमराज मीणा और सहायक कर्मचारी जमील खान सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने पार्षदों की समस्याएं सुनीं।
पालिका अध्यक्ष ने जल्द समाधान का दिया आश्वासन
नगरपालिका अध्यक्ष कमला महावर ने कहा कि संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कस्बे की मूलभूत समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा। बैठक में वार्डवार समस्याओं पर चर्चा कर उनके निराकरण की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
बस स्टैंड, सीसीटीवी और अतिक्रमण हटाने की मांग
पार्षद मोहित सिंह सुल्तानोत ने आम रास्तों से अतिक्रमण हटाने, पट्टा जारी करने की प्रक्रिया शुरू करने, सूरौठ में बस स्टैंड के लिए भूमि आवंटित करवाने और सार्वजनिक स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने की मांग रखी।
वहीं, पार्षद राहुल नांगरिया ने वार्ड संख्या 3 में रोड लाइट लगवाने, नालियों और सड़कों की मरम्मत कराने, हर घर नल योजना को चालू करवाने तथा बाजार में सार्वजनिक शौचालय का निर्माण कराने की मांग की।
जलभराव और पेयजल टंकी का मुद्दा भी उठा
पार्षद अभयसिंह मीणा ने ब्राह्मणों का नंगला जाने वाले रास्ते पर जलभराव की समस्या का समाधान कराने और श्मशान स्थल पर पेयजल टंकी बनवाने की मांग की।
पार्षद आशीष खटीक ने वार्ड में नालियों की सफाई कराने और सड़क निर्माण करवाने की बात रखी। बैठक में पार्षदों ने संबंधित अधिकारियों से इन समस्याओं पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने की मांग की।
नवगठित बोर्ड की पहली बैठक में दूषित पेयजल आपूर्ति से लेकर सड़क, सफाई, जलभराव और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से सामने आए। अब इन समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों की कार्रवाई पर नजर रहेगी।
यह भी पढ़ें:
Karauli, Rajasthan
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।