सूरौठ में चाय की थड़ी में आग, दो गैस सिलेंडर फटने से दहशत


गांधी स्मारक मैदान में रात को हुआ हादसा, धमाकों से घर छोड़कर भागे लोग, पुलिस की सूझबूझ से टली जनहानि

सूरौठ। कस्बे के बीच आबादी वाले क्षेत्र में गांधी स्मारक मैदान स्थित लकड़ी की चाय की थड़ी में रविवार रात करीब 11 बजे अचानक आग लग गई। आग के दौरान दो गैस सिलेंडर फटने से तेज धमाके हुए, जिससे आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। धमाकों की आवाज सुनकर लोग अपने घरों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागे। मौके पर पहुंची सूरौठ पुलिस की तत्परता और सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया।

पहले सिलेंडर के धमाके के बाद मची अफरा-तफरी

सूरौठ निवासी बबलू मीणा की लकड़ी से बनी चाय की थड़ी में रविवार रात करीब 11 बजे आग लगी। थड़ी से आग की लपटें उठती देखकर आसपास के लोगों को घटना का पता चला। सूचना मिलने पर बबलू मीणा, उनके परिजन और सूरौठ थाना पुलिस मौके पर पहुंच गए।

स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलने के कारण उस पर काबू नहीं पाया जा सका। रात करीब 12 बजे पहला गैस सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास के मकानों के गेट पर लगे ताले तक खुलने की बात सामने आई। धमाके के बाद इलाके में दहशत फैल गई और लोग घरों से बाहर निकल आए।

थाना प्रभारी की सूझबूझ से टली जनहानि

पहले सिलेंडर के फटने के बाद भी कुछ लोग आग बुझाने के लिए घटनास्थल के पास पहुंच गए। इसी दौरान सूरौठ थाना प्रभारी सुमेर सिंह गुर्जर ने सूझबूझ दिखाते हुए लोगों को वहां से हटाया और गांधी स्मारक मैदान से बाहर सुरक्षित दूरी पर पहुंचाया।

इसी बीच दूसरा गैस सिलेंडर भी बड़े धमाके के साथ फट गया। पुलिस की तत्परता से लोग पहले ही घटनास्थल से दूर हो चुके थे, जिससे संभावित जनहानि टल गई।

थड़ी का सामान जलकर राख, छतों पर पहुंचे सिलेंडर के टुकड़े

आग तेजी से फैलने के कारण चाय की थड़ी में रखा सामान जलकर राख हो गया। इसमें गिलासों के कार्टून, भट्टी, कूलर, एलईडी, भगोना, खेरीज और अन्य बर्तन शामिल थे।

सिलेंडर फटने के बाद उसके टुकड़े आसपास के घरों और दुकानों की छतों तक जा पहुंचे। घटना की सूचना मिलने पर दमकल भी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक थड़ी में रखा सामान जल चुका था।

रंजिश के चलते आग लगाने की आशंका

पीड़ित दुकानदार बबलू मीणा ने आशंका जताई कि किसी व्यक्ति ने रंजिश के चलते उसकी थड़ी में आग लगाई हो सकती है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारण की पुष्टि नहीं हुई है।

मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी सुमेर सिंह गुर्जर, चौकी इंचार्ज मुरारी लाल और अन्य पुलिसकर्मियों ने स्थिति संभाली तथा आसपास मौजूद लोगों को सुरक्षित दूरी पर हटाया। घटना के बाद आग लगने के कारणों और दुकानदार की ओर से जताई गई आशंका को लेकर पुलिस की कार्रवाई महत्वपूर्ण रहेगी।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *