उत्तराखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ के आह्वान पर शिक्षकों ने धरना देकर जिलाधिकारी के माध्यम से केंद्र व राज्य सरकार को ज्ञापन भेजा।
नैनीताल। उत्तराखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ, जनपद नैनीताल के तत्वावधान में शनिवार को जिलेभर के शिक्षकों ने टीईटी से मुक्ति एवं पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद शिक्षकों ने जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के माध्यम से प्रधानमंत्री, केंद्रीय शिक्षा मंत्री एवं उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की अपील की।
धरना कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व जिला अध्यक्ष इंदर सिंह रावत ने की, जबकि संचालन जिला मंत्री बंशीधर कांडपाल ने किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि टीईटी संबंधी प्रावधानों एवं पुरानी पेंशन बहाली को लेकर शिक्षकों का आंदोलन पूरे देश में चल रहा है। उन्होंने कहा कि जब तक इस “काले कानून” को वापस नहीं लिया जाता, तब तक राष्ट्रव्यापी आंदोलन जारी रहेगा।
उन्होंने बताया कि अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ, नई दिल्ली के आह्वान पर यह कार्यक्रम उत्तराखंड के सभी 13 जनपद मुख्यालयों पर एक साथ आयोजित किया गया।
बुद्ध पार्क से जिलाधिकारी कार्यालय तक निकाली रैली
धरना-प्रदर्शन के बाद शिक्षकों ने बुद्ध पार्क से जिलाधिकारी कार्यालय तक पैदल जुलूस निकाला। इसके पश्चात जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल को ज्ञापन सौंपा गया। जिलाधिकारी ने शिक्षकों को आश्वस्त किया कि उनका ज्ञापन शीघ्र ही भारत सरकार एवं उत्तराखंड सरकार को प्रेषित कर दिया जाएगा।
दर्जनों शिक्षक रहे मौजूद
धरना एवं ज्ञापन कार्यक्रम में जिला संयोजक नंदराम, कोषाध्यक्ष नवीन चंद, प्रेम कांडपाल, दिनेश मनराल, गोपाल बिष्ट, हीरा बसानी, जगमोहन पड़ियार, आलोक जोशी, मदन बर्थवाल, मनीता कटारिया, अनुपम बमेटा, हेमंत पांडे, शिवराज सिंह, डिगर सिंह पड़ियार, अनिल कुमार शर्मा, राजकुमार सहित जिलेभर के दर्जनों शिक्षक उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें:

नैनीताल, उत्तराखंड
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।