तहनाल में साइबर ठगी से बचाव को लेकर जागरूकता कार्यक्रम


ग्रामीणों को ओटीपी फ्रॉड, फिशिंग कॉल, फर्जी संदेश और म्यूल अकाउंट से जुड़े जोखिमों की दी जानकारी

शाहपुरा। किसान सेवा केंद्र तहनाल में बैंक ऑफ इंडिया, शाहपुरा शाखा की ओर से सतर्कता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों को भ्रष्टाचार, साइबर अपराध और बैंकिंग धोखाधड़ी के प्रति सजग करते हुए सुरक्षित बैंकिंग व्यवहार अपनाने की जानकारी दी गई।

साइबर ठगी के बदलते तरीकों से किया जागरूक

कार्यक्रम में सतर्कता अधिकारी कपिल, बैंक ऑफ इंडिया शाहपुरा शाखा प्रबंधक अशोक मीणा एवं बैंक मित्र मुकेश बैरवा ने ग्रामीणों को साइबर ठगी के बदलते तरीकों के बारे में जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि अनजान व्यक्ति के फोन, लिंक या संदेश पर भरोसा करने के बजाय उसकी सत्यता की जांच करना जरूरी है। ग्रामीणों को ओटीपी फ्रॉड, फिशिंग कॉल, फर्जी संदेश, सोशल इंजीनियरिंग और ऑनलाइन बैंकिंग धोखाधड़ी से बचने के व्यावहारिक उपाय भी बताए गए।

म्यूल अकाउंट के जरिए फंसाते हैं साइबर अपराधी

कार्यक्रम में म्यूल अकाउंट (Mule Account) को लेकर विशेष रूप से जागरूक किया गया। अधिकारियों ने बताया कि साइबर अपराधी कई बार लोगों को कमीशन अथवा आसानी से पैसा कमाने का लालच देकर उनके बैंक खातों का इस्तेमाल अवैध धन प्राप्त करने और उसे दूसरे खातों में ट्रांसफर करने के लिए करते हैं।

ऐसे मामलों में खाताधारक भी कानूनी परेशानी में फंस सकता है। इसलिए किसी भी व्यक्ति को अपने बैंक खाते का इस्तेमाल दूसरे के पैसे के लेन-देन के लिए नहीं करने देना चाहिए

ओटीपी और यूपीआई पिन साझा नहीं करने की अपील

ग्रामीणों और विद्यार्थियों को सलाह दी गई कि वे बैंक खाता, एटीएम/डेबिट कार्ड, पिन, ओटीपी, यूपीआई पिन और इंटरनेट बैंकिंग से संबंधित गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करें।

बैंक अधिकारी बनकर फोन करने वाले व्यक्तियों से भी सतर्क रहने की अपील की गई। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें और अनजान व्यक्ति के कहने पर बैंकिंग संबंधी कोई जानकारी साझा न करें।

ईमानदारी और पारदर्शिता का दिया संदेश

कार्यक्रम के दौरान भ्रष्टाचार के विरुद्ध जागरूकता, ईमानदारी और पारदर्शिता को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया। ग्रामीणों से अपील की गई कि वे किसी भी संदिग्ध बैंकिंग गतिविधि अथवा साइबर अपराध की जानकारी संबंधित बैंक या सक्षम एजेंसी को दें।

आयोजकों ने ग्रामीणों से सुरक्षित डिजिटल बैंकिंग अपनाने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि के प्रति तत्काल सजग रहने का आह्वान किया।

बड़ी संख्या में ग्रामीण रहे मौजूद

कार्यक्रम में तहनाल पंचायत की सरपंच गोविंद कंवर, उपसरपंच एवं भाजपा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष जीवराज गुर्जर, भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष रामजस गुर्जर, पूर्व जीएसएस अध्यक्ष अर्जुन गुर्जर, महावीर गुर्जर, निर्मल पंवार, रघुनाथ गुर्जर, मदन कुमावत, टिल्लू बैरवा, आयालाल बैरवा, जितेंद्र मेघवंशी, भागचंद भील, हेमराज बैरवा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

सहकारी समिति परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में ग्रामीणों ने बैंक अधिकारियों द्वारा दी गई जानकारी को उपयोगी बताया। कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को सुरक्षित बैंकिंग व्यवहार अपनाने और साइबर अपराध से बचने के लिए सावधानी बरतने का संदेश दिया गया।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *