त्रिवेणी संगम से श्रीबाबाधाम तक गूंजा हर-हर महादेव, कावड़ लेकर पहुंचे शिवभक्त


सावन के दूसरे सोमवार पर निकली भव्य कावड़ यात्रा, श्रीबाबाधाम में ऋण मुक्तेश्वर गौरीशंकर महादेव का विधि-विधान से हुआ जलाभिषेक।

भीलवाड़ा। सावन के दूसरे सोमवार के अवसर पर श्रीबाबाधाम के अध्यक्ष विनीत अग्रवाल के सानिध्य में त्रिवेणी संगम से श्रीबाबाधाम तक भव्य कावड़ यात्रा निकाली गई। कंधों पर पवित्र कावड़ और जुबां पर हर-हर महादेव, हर-हर शंभू और बम-बम भोले के जयघोष के साथ बड़ी संख्या में शिवभक्त पैदल श्रीबाबाधाम पहुंचे। यात्रा के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया।

श्रीबाबाधाम पहुंचने के बाद कावड़ यात्रियों एवं श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से ऋण मुक्तेश्वर गौरीशंकर महादेव का पवित्र जल से अभिषेक किया। इस दौरान मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार और भगवान शिव के जयकारों से वातावरण शिवमय बना रहा।

त्रिवेणी संगम से कावड़ में पवित्र जल लेकर रवाना हुए शिवभक्त

कावड़ यात्रा से एक दिन पहले रविवार को श्रीबाबाधाम से प्रमुख कावड़ यात्री जसराज, शिव, रतन साहू, राम-लखन, करण सिंह, पवन पारीक एवं देवी सिंह सहित अन्य शिवभक्त भगवान शिव के परिवार का आशीर्वाद लेकर पैदल त्रिवेणी संगम पहुंचे थे।

सावन के दूसरे सोमवार को सभी श्रद्धालु त्रिवेणी संगम से पवित्र जल कावड़ में लेकर श्रीबाबाधाम के लिए रवाना हुए। कावड़ यात्रा में बड़ी संख्या में शिवभक्त शामिल हुए। हाथों में कावड़ और भगवान शिव के जयकारों के साथ श्रद्धालुओं का कारवां शहर से गुजरा तो पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

रुद्राभिषेक और महामृत्युंजय जाप से शिवमय हुआ श्रीबाबाधाम

सावन के दूसरे सोमवार पर ऋण मुक्तेश्वर गौरीशंकर महादेव का विशेष श्रृंगार किया गया। सुबह से ही मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच रुद्राभिषेक, महामृत्युंजय जाप, हवन एवं पूजा-अर्चना का दौर चलता रहा।

कावड़ यात्रियों एवं श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली, अच्छी वर्षा तथा देश में अमन-चैन की कामना की। श्रद्धालुओं ने देश के विकास, हरित क्रांति को बढ़ावा देने तथा गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा मिलने की भी मनोकामना की।

कावड़ यात्रा के समापन पर शिव आरती की गई तथा कावड़ यात्रियों एवं श्रद्धालुओं के लिए प्रसादी की व्यवस्था की गई।

रंग-बिरंगी रोशनी और फूलों से सजा मंदिर परिसर

सावन मास के चलते श्रीबाबाधाम मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी झिलमिलाती रोशनी, फल-फूलों एवं आकर्षक सजावट से सजाया गया है। मंदिर में प्रतिदिन हर-हर महादेव और ॐ नमः शिवाय के जयघोष के बीच जलाभिषेक, हवन एवं पूजा-अर्चना की जा रही है।

पंडित गौतम गोविंद सहित अन्य पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान शिव का अभिषेक एवं हवन कराया जा रहा है। भगवान शिव को बिल्व पत्र, आक के फूल, धतूरा, जल, दूध, पंचामृत एवं गन्ने के रस से अभिषेक किया जा रहा है।

सावन मास के दौरान प्रतिदिन शिवलिंग का अलग-अलग स्वरूप में आकर्षक श्रृंगार किया जा रहा है। हजारों श्रद्धालु ऋण मुक्तेश्वर गौरीशंकर महादेव के दर्शन कर अभिषेक, हवन एवं पूजन में शामिल होकर अपनी मनोकामनाएं मांग रहे हैं।

गौ सेवा के लिए समर्पित राम-लखन का किया सम्मान

कावड़ यात्रा में शामिल गौभक्त राम-लखन का श्रीबाबाधाम अध्यक्ष विनीत अग्रवाल की ओर से सम्मान किया गया। बताया गया कि दोनों गौसेवक 24 घंटे, 365 दिन गौमाता की सेवा के लिए समर्पित रहते हैं।

कहीं भी गौमाता के सामने संकट या परेशानी होने पर दोनों निःस्वार्थ भाव से सेवा के लिए तत्पर रहते हैं। इस सेवा भावना के लिए विनीत अग्रवाल ने उन्हें माताजी की चुनरी एवं बाबा का फल प्रसाद भेंट कर सम्मानित किया।

एक ही शिवलिंग में विराजमान हैं गौरी और शंकर

श्रीबाबाधाम मंदिर में स्थापित ऋण मुक्तेश्वर गौरीशंकर महादेव के शिवलिंग की विशेष धार्मिक महिमा बताई जाती है। मंदिर प्रबंधन के अनुसार इस शिवलिंग में माता गौरी लाल रंग में और भगवान शिव हरे रंग में एक ही शिवलिंग में विराजमान हैं।

मंदिर प्रबंधन के अनुसार यह शिवलिंग हरिद्वार के ब्रह्मकुंड से श्री बाबा को प्राप्त हुआ था और 17 अप्रैल 2008 को श्रीबाबाधाम में इसकी स्थापना की गई थी।

मान्यता के अनुसार प्रत्येक गुरुवार को इस शिवलिंग पर चना दाल अर्पित करने से पितृ ऋण, मातृ ऋण, सखा ऋण एवं नकद ऋण से मुक्ति की कामना की जाती है। मंदिर की ओर से श्रद्धालुओं के लिए चना दाल निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती है।

श्रीबाबाधाम मंदिर प्रबंधन ने सभी धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से सावन मास के दौरान मंदिर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ के दर्शन, जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना का लाभ लेने का आह्वान किया है।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *