नैनीताल में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, 6 खाद्य नमूने जांच के लिए भेजे


त्योहारों को देखते हुए रामनगर में डेयरी प्रतिष्ठानों का निरीक्षण, दूध, पनीर, घी और दही के नमूने लिए गए।

नैनीताल। आगामी त्योहारों को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग नैनीताल सतर्क हो गया है। आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने तथा खाद्य सुरक्षा मानकों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए जिले में सघन निरीक्षण एवं प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है।

आयुक्त, खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तराखंड तथा जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देशों के क्रम में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने रामनगर के विभिन्न क्षेत्रों में खाद्य प्रतिष्ठानों का आकस्मिक निरीक्षण किया। अभियान के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों और लेबलिंग की जांच की गई।

रामनगर के विभिन्न क्षेत्रों में किया निरीक्षण

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने ढिकुली, लखनपुर चुंगी, मेन मार्केट एवं तहसील लाइन क्षेत्र में दूध एवं दुग्ध उत्पादों का विक्रय करने वाले लगभग आधा दर्जन प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान विशेष रूप से दूध, दही, पनीर, घी एवं अन्य दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता, खाद्य सुरक्षा मानकों तथा लेबलिंग की जांच की गई। अधिकारियों ने खाद्य कारोबारियों को निर्धारित नियमों का पालन करने के निर्देश भी दिए।

दूध, पनीर और घी समेत 6 नमूने लिए

निरीक्षण के दौरान विभाग की टीम ने कुल 6 खाद्य नमूने लिए। इनमें 2 पनीर, 1 दूध, 1 देशी घी, 1 दही और 1 स्वीट कन्डेन्स्ड मिल्क का नमूना शामिल है।

सभी नमूनों को नियमानुसार जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद उसके आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

डेयरी एनालॉग उत्पादों पर प्रतिबंध के आदेश की भी जांच

अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तराखंड द्वारा 7 अगस्त 2026 को जारी प्रतिबंधात्मक आदेश के अनुपालन की भी जांच की गई।

विभाग के अनुसार ऐसे अमानकीकृत डेयरी एनालॉग अथवा गैर-दुग्ध उत्पाद, जो वास्तविक दुग्ध उत्पाद होने का आभास कराते हैं, उनके निर्माण, प्रसंस्करण, भंडारण, परिवहन, वितरण एवं विक्रय पर प्रतिबंध लगाया गया है।

त्योहारों के दौरान जारी रहेगा अभियान

खाद्य सुरक्षा विभाग ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना तथा अमानकीकृत एवं भ्रामक डेयरी और गैर-दुग्ध उत्पादों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करना है।

त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने को देखते हुए विभाग द्वारा इस प्रकार की जांच और प्रवर्तन कार्रवाई आगे भी जारी रखने की बात कही गई है। खाद्य कारोबारियों से भी खाद्य सुरक्षा मानकों एवं निर्धारित नियमों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने की अपील की गई है।

यह भी पढ़ें :


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *