अध्यक्ष दामोदर अग्रवाल के नेतृत्व में नई कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण, वस्त्र उद्योग और हवाई सेवा के मुद्दों पर होगी चर्चा
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। भीलवाड़ा टेक्सटाइल ट्रेड फेडरेशन की वार्षिक साधारण सभा (AGM) 24 मई को सुबह 11 बजे रीको ग्रोथ सेंटर स्थित फेडरेशन भवन में आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय कानून एवं न्याय तथा संसदीय कार्य मंत्री अर्जुनराम मेघवाल होंगे। इस महत्वपूर्ण बैठक में मंत्री मेघवाल फेडरेशन की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।
हाल ही में संपन्न हुए द्विवार्षिक चुनाव में सांसद दामोदर अग्रवाल को पुनः अध्यक्ष चुना गया है। उनके साथ युवा उद्यमी अंकित शर्मा महासचिव और मदन गोपाल कालरा कोषाध्यक्ष के रूप में कार्यभार संभालेंगे। नई कार्यकारिणी में आरसीएम ग्रुप के चेयरमैन तिलोकचंद छाबड़ा को कार्यकारी अध्यक्ष और प्रेमस्वरूप गर्ग को वरिष्ठ उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। 41 सदस्यीय कार्यकारिणी के गठन के साथ ही वस्त्र उद्योग के विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों को भी इसमें शामिल किया गया है।
फेडरेशन अध्यक्ष दामोदर अग्रवाल ने बताया कि इस एजीएम में वस्त्र उद्योग के विकास में आ रही चुनौतियों के समाधान पर केंद्रीय मंत्री के साथ विस्तृत चर्चा की जाएगी। साथ ही, भीलवाड़ा में हवाई सेवाएं शुरू करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई जाएगी, जिस पर मंत्री मेघवाल ने पूर्व में सकारात्मक आश्वासन दिया है।