वीएमओयू अभिमुखीकरण कार्यशाला में विद्यार्थियों को दूरस्थ शिक्षा से करियर संवारने का मिला मार्गदर्शन


नए विद्यार्थियों को प्रवेश प्रक्रिया, अध्ययन सामग्री, असाइनमेंट, परीक्षा प्रणाली और रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों की दी गई विस्तृत जानकारी।

शाहपुरा। वीएमओयू अभिमुखीकरण कार्यशाला के तहत श्री प्रताप सिंह बारहठ राजकीय महाविद्यालय, शाहपुरा में संचालित वर्धमान महावीर खुला विश्वविद्यालय (वीएमओयू) अध्ययन केंद्र पर एक दिवसीय अभिमुखीकरण (ओरिएंटेशन) कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य नए विद्यार्थियों को दूरस्थ शिक्षा प्रणाली, प्रवेश प्रक्रिया, अध्ययन पद्धति तथा विश्वविद्यालय द्वारा संचालित विभिन्न पाठ्यक्रमों की विस्तृत जानकारी देकर उनकी शैक्षणिक यात्रा को अधिक सरल, व्यवस्थित और प्रभावी बनाना था।

कार्यशाला में विद्यार्थियों को दूरस्थ शिक्षा के बदलते स्वरूप, उच्च शिक्षा के बढ़ते अवसरों तथा रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों के महत्व से अवगत कराया गया। विशेषज्ञों ने बताया कि वर्धमान महावीर खुला विश्वविद्यालय उन विद्यार्थियों के लिए एक बेहतर विकल्प है, जो किसी कारणवश नियमित महाविद्यालय में अध्ययन नहीं कर पाते, लेकिन उच्च शिक्षा प्राप्त कर अपने भविष्य को नई दिशा देना चाहते हैं।

दूरस्थ शिक्षा को बताया बेहतर अवसर

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं वीएमओयू के क्षेत्रीय निदेशक डॉ. दिलीप शर्मा ने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने स्नातक (यूजी), स्नातकोत्तर (पीजी), डिप्लोमा तथा विभिन्न प्रमाण-पत्र (सर्टिफिकेट) पाठ्यक्रमों की जानकारी देते हुए कहा कि दूरस्थ शिक्षा अनुशासन, आत्मविश्वास और नियमित अध्ययन की मांग करती है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में यह प्रणाली लाखों विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा से जोड़ने का प्रभावी माध्यम बन चुकी है और इससे विद्यार्थी अपनी परिस्थितियों के अनुरूप अध्ययन जारी रख सकते हैं।

प्रवेश प्रक्रिया और असाइनमेंट पर दी जानकारी

कार्यशाला में सी.एल. बोराना एवं सुनील माथुर ने विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की विभिन्न योजनाओं, प्रवेश प्रक्रिया और अध्ययन संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियों से अवगत कराया। उन्होंने विद्यार्थियों को समय पर असाइनमेंट जमा करने, अध्ययन सामग्री का नियमित अध्ययन करने तथा परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी।

ऑनलाइन सुविधाओं का अधिकतम उपयोग करने का आह्वान

कार्यक्रम के मुख्य कॉर्डिनेटर डॉ. पुष्कर राज मीणा ने दूरस्थ शिक्षा प्रणाली की विशेषताओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने अध्ययन सामग्री (एसएलएम), आंतरिक मूल्यांकन के लिए असाइनमेंट जमा करने की प्रक्रिया तथा परीक्षा प्रणाली की विस्तृत जानकारी देते हुए विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन की आदत विकसित करने और विश्वविद्यालय की ऑनलाइन सुविधाओं का अधिकतम उपयोग करने का आह्वान किया।

विद्यार्थियों की शंकाओं का हुआ समाधान

अध्ययन केंद्र समन्वयक प्रो. मूलचंद खटीक ने कार्यशाला की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि इस प्रकार के अभिमुखीकरण कार्यक्रम विद्यार्थियों की शंकाओं का समाधान करने और उन्हें विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली से परिचित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम के सफल आयोजन पर आभार व्यक्त किया।

कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों ने प्रवेश प्रक्रिया, परीक्षा प्रणाली, अध्ययन सामग्री, ऑनलाइन सेवाओं तथा रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने विस्तारपूर्वक समाधान किया।

बड़ी संख्या में विद्यार्थी रहे उपस्थित

इस अवसर पर प्रो. रामावतार मीना, डॉ. ऋचा अंगिरा, प्रो. धर्मनारायण वैष्णव, प्रो. दिग्विजय सिंह, प्रो. मुकेश कुमार मीणा, प्रो. विजय परमार, सुरेश पेसवानी एवं रवि कौली सहित महाविद्यालय परिवार के सदस्य तथा एम.एससी. पूर्वार्द्ध एवं उत्तरार्द्ध रसायनशास्त्र शिविर में भाग लेने वाले विद्यार्थी उपस्थित रहे।

कार्यशाला के समापन पर विद्यार्थियों ने इसे अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा कि इस आयोजन से उन्हें दूरस्थ शिक्षा प्रणाली की बेहतर समझ मिली है और अब वे अपने अध्ययन को अधिक व्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से आगे बढ़ा सकेंगे।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *