लाला मनोहर लाल खंडेलवाल विद्यालय की घटना; भीषण गर्मी और मानसिक तनाव बना बेहोशी का कारण
डीग (अमर दीप सेन)। शहर के लाला मनोहर लाल खंडेलवाल विद्यालय में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब 12वीं कक्षा की चार छात्राएं परीक्षा देते समय अचानक बेहोश होकर गिर पड़ीं। विद्यालय प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए छात्राओं को तुरंत डीग जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ उनका उपचार जारी है।
भीषण गर्मी और घबराहट का असर बेहोश होने वाली छात्राओं में तनु, राधिका, अक्षरा और अर्पिता शामिल हैं। प्रधानाध्यापिका सुमित्रा धंघेल ने बताया कि परीक्षा के दौरान छात्राओं को अचानक चक्कर आए। चिकित्सा विशेषज्ञों और पीएमओ डॉ. जितेंद्र सिंह फौजदार के अनुसार, छात्राएं भीषण गर्मी के कारण बेहोश हुई थीं, साथ ही वे बात करते समय काफी डरी हुई और तनाव में भी प्रतीत हो रही हैं।
अधिकारियों ने जाना कुशलक्षेम घटना की सूचना मिलते ही शिक्षा विभाग के डीओ मनोज खुराना, हरवीर सिंह चाहर, सीएमएचओ विजय सिंघल और पीएमओ डॉ. जितेंद्र सिंह फौजदार अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने छात्राओं के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके परिजनों को ढांढस बंधाया। फिलहाल सभी छात्राओं की स्थिति स्थिर बताई जा रही है और डॉक्टर उनकी निगरानी कर रहे हैं।