​केंद्र और राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ कांग्रेस का हल्ला बोल


सत्ता के अहंकार में गरीबों का हक ना छीने सरकार, मनरेगा खैरात नहीं, करोड़ों गरीबों की जीवन रेखा है: विधायक इंदिरा मीणा
​मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत जिला कांग्रेस कमेटी सवाई माधोपुर का अंबेडकर सर्किल पर एकदिवसीय उपवास

सवाई माधोपुर।अमिता मीना। जिला कांग्रेस कमेटी सवाई माधोपुर द्वारा ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ जन आंदोलन के तहत रविवार को अंबेडकर सर्किल पर एकदिवसीय उपवास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला अध्यक्ष एवं विधायक इंदिरा मीणा के नेतृत्व में आयोजित इस धरने में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र व राज्य सरकार की श्रमिक विरोधी नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मनरेगा बजट में कटौती को लेकर कड़ा विरोध जताया।
​इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए विधायक इंदिरा मीणा ने कहा कि सत्ता की कुर्सी पर बैठे हुक्मरानो कान खोलकर सुन लें कि मनरेगा कोई ‘खैरात’ नहीं है, बल्कि यह देश के करोड़ों गरीबों की जिंदगी की सांस है। उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार द्वारा शुरू की गई इस क्रांतिकारी योजना ने ग्रामीण भारत को आर्थिक मजबूती दी थी, लेकिन वर्तमान सरकार इसे धीरे-धीरे खत्म करने की साजिश रच रही है।
​विधायक मीणा ने प्रमुख रूप से निम्नलिखित बिंदुओं पर घेरा:
​बजट में कटौती: केंद्र सरकार द्वारा लगातार मनरेगा के बजट में की जा रही कटौती गरीबों के पेट पर लात मारने जैसा है।
​भुगतान में देरी: श्रमिकों को समय पर मजदूरी नहीं मिल रही है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था चरमरा गई है।
​मजदूरों का हक: मनरेगा सिर्फ रोजगार नहीं, बल्कि ग्रामीण मजदूरों का कानूनी अधिकार है जिसे कांग्रेस किसी भी कीमत पर छीनने नहीं देगी।
​मीडिया प्रभारी अमन खान ने बताया कि उपवास कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों ने संकल्प लिया कि यदि सरकार ने मनरेगा को कमजोर करने का प्रयास बंद नहीं किया, तो इस आंदोलन को ब्लॉक स्तर से लेकर पंचायत स्तर तक ले जाया जाएगा।
​इस दौरान जिला कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी, ब्लॉक अध्यक्ष, अग्रिम संगठनों के कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में मनरेगा श्रमिक उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में मांग की कि मनरेगा में कार्य दिवस बढ़ाए जाएं और मजदूरी का समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर बामनबास विधायक व कांग्रेस जिला अध्यक्ष इंदिरा मीणा, पूर्व विधायक दानिश अबरार, जिला प्रभारी पुष्पेंद्र भारद्वाज, गंगापुर सिटी विधायक रामकेश मीणा, तथा कांग्रेस के पदाधिकारी व कार्यकर्ता व भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now