निर्धारित मूल्य से दुगुने दाम पर खुलेआम बिक्री पर नहीं लग पा रही रोक; खुदरा दुकानदारों ने थोक दुकान से महंगा मिलने का दिया हवाला
प्रयागराज। जनपद के यमुनानगर के पूरे क्षेत्र में गुटका और पान मसाला की कीमतों को लेकर बड़ा खेल सामने आया है। दुकानदार निर्धारित मूल्य से दुगुना दाम वसूल रहे हैं, जबकि जिम्मेदार विभाग मूकदर्शक बना हुआ है। छोटे दुकानदारों ने थोक दुकान से ही मंहगा मिलने का हवाला देकर अपनी मजबूरी बताई है।
स्थानीय बाजार में बिक रहे “शुद्ध प्लस” पान मसाला का पैकेट, जिस पर ₹2 एमआरपी अंकित है और उसके साथ मिलने वाली तंबाकू पर ₹0.50 एमआरपी, उसे मिलाकर कुल ₹2.50 का उत्पाद सीधे ₹5 में बेचा जा रहा है। यानी उपभोक्ताओं से दोगुना मूल्य वसूला जा रहा है।एक दुकानदार ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि पहले इसी ब्रांड का 72 पीस का पैकेट ₹152 में आता था, जो अब बढ़कर ₹300 तक पहुंच गया है। थोक में बढ़ी कीमत का हवाला देकर खुदरा विक्रेता ने अपनी मजबूरी बताई है।
क्या कहते हैं नियम?
कानून के मुताबिक किसी भी उत्पाद को उसकी अंकित अधिकतम खुदरा मूल्य से अधिक पर बेचना कानूनी अपराध है। यह लीगल मेट्रोलॉजी एक्ट, 2009 के तहत दंडनीय है, जिसमें जुर्माना और कार्रवाई दोनों का प्रावधान है।कुछ लोगों ने यह भी बताया कि कुछ बड़े और थोक दुकानदार स्टॉक कर लेते हैं और माल न होने का हवाला देकर अधिक रेट पर बेचने लगते हैं।
जिम्मेदार विभाग कौन?
इस पूरे मामले की निगरानी की जिम्मेदारी बाट माप विभाग, लीगल मेट्रोलॉजी डिपार्मेंट और खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफ एस डी ए) की होती है। इसके अलावा स्थानीय प्रशासन और आपूर्ति विभाग भी बाजार नियंत्रण में अहम भूमिका निभाते हैं। बड़ा सवाल यह है कि खुलेआम एमआरपी से ज्यादा कीमत वसूली जा रही है, फिर भी संबंधित विभाग कार्रवाई क्यों नहीं कर रहे हैं? क्या विभागीय अनदेखी से ही यह कालाबाज़ारी फल-फूल रहा है?उपभोक्ता ठगा जा रहा है,
गांव और कस्बे के आम लोग, जो रोजमर्रा में ऐसे उत्पाद खरीदते हैं, सीधे तौर पर ठगे जा रहे हैं। छोटी-छोटी रकम मिलकर बड़ा आर्थिक बोझ बन रही है।अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले को संज्ञान में लेकर कब कार्रवाई करता है या यूं ही उपभोक्ताओं की जेब पर डाका पड़ता रहेगा।
2008 से लगातार पत्रकारिता कर रहे हैं। 2008 से 2019 तक सर्वोदय वार्ता, सर्वोदय वार्ता मैगजीन में। 2020 से 2021 तक इंडियन लाइव टीवी में । 2021 से 2023 तक दैनिक समाचार पत्र पूर्वांचल स्वर प्रयागराज में। 2023 से 2024 तक दैनिक समाचार पत्र लक्ष्मण नगर जंक्शन में। 2024 से अब तक लगातार दैनिक समाचार पत्र लक्ष्य सामग्र में। 2021 से अब तक आवाज आपकी न्यूज़ पोर्टल में पत्रकार हैं।