फव्वारा चौक बना निजी बस स्टैंड, सुबह के समय लगती है जाम की स्थिति


यातायात पुलिस की अनदेखी से बढ़ रही समस्या

गंगापुर सिटी।पंकज शर्मा। शहर का प्रमुख फव्वारा चौक इन दिनों निजी बस संचालकों के लिए अस्थायी बस स्टैंड बनता जा रहा है। करौली और गंगापुर सिटी से जयपुर तक संचालित होने वाली निजी बसें सुबह 5 बजे से 8 बजे तक यहां खड़ी रहती हैं, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह के व्यस्त समय में एक-एक बस 10 से 15 मिनट तक चौक पर खड़ी रहती है। इससे चौक पर जाम जैसी स्थिति बन जाती है और आम राहगीरों व वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। खासकर स्कूल जाने वाले बच्चों और नौकरीपेशा लोगों को समय पर अपने गंतव्य तक पहुंचने में दिक्कत होती है।

स्थिति यह है कि बसों के साथ-साथ नो पार्किंग क्षेत्र में ऑटो भी खड़े रहते हैं, जिससे रास्ता और अधिक संकरा हो जाता है। बावजूद इसके यातायात पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। लोगों का आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारी स्थिति को देखते हुए भी अनदेखी कर रहे हैं। नागरिकों का कहना है कि फव्वारा चौक शहर का व्यस्ततम इलाका है, जहां इस तरह बसों का खड़ा होना पूरी तरह गलत है। यदि समय रहते इस पर नियंत्रण नहीं किया गया तो भविष्य में बड़ी दुर्घटना की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि फव्वारा चौक पर निजी बसों के खड़े होने पर रोक लगाई जाए और नो पार्किंग क्षेत्र में खड़े वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू हो सके।

अब देखना यह है कि यातायात पुलिस और प्रशासन इस समस्या को लेकर क्या कदम उठाते हैं और आमजन को राहत मिलती है या नहीं।


WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now