विश्व पृथ्वी दिवस पर विधि साक्षरता कार्यशाला का आयोजन


बामनवास, गंगापुर सिटी।पंकज शर्मा। विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर तालुका विधिक सेवा समिति बामनवास के तत्वाधान में पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पिपलाई में विधिक साक्षरता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान अक्षय तृतीय एवं पीपल पूर्णिमा के अवसर पर होने वाले बाल विवाह की रोकथाम, बढ़ते हुए साइबर अपराधों की रोकथाम, पर्यावरण संरक्षण वृक्षारोपण का महत्व विषयों पर कार्यशाला आयोजित की गई। विद्यालय के बच्चों द्वारा पोस्टर पेंटिंग, साइन बोर्ड के माध्यम से अपनी रचनात्मक प्रस्तुति दी। अध्यक्ष तालुका समिति एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट बामनवास अंशिका दिनकर द्वारा शिविर में उपस्थित प्रतिभागीगण को अधिक से अधिक छायादार पौधे लगाकर प्रकृति का संरक्षण करने, पर्यावरण को स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाए रखना, गर्मियों के मौसम में बेजुबान पक्षियों के लिए परिंदे बांधकर पानी उपलब्ध कराने, आवारा एवं पालतू पशुओं के लिए पानी की व्यवस्था करने, साइबर अपराध के संबंध में संचालित टोल फ्री नंबर 1930 एवं बाल अपराध के संबंध में संचालित टोल फ्री नंबर 1098 की जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य मधुसूदन शर्मा, पैनल अधिवक्ता राम सिंह मीणा, अधिकार मित्र लोकेश कुमार बेरवा, भूर सिंह गुर्जर, हाकिम सिंह गुर्जर, वन विभाग के प्रतिनिधि सहायक वनपाल पंकज शर्मा, विद्यालय स्टाफ एवं छात्र एवं छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम चार चरणों में आयोजित किया गया। प्रथम चरण में शिविर का आयोजन करते हुए नालसा द्वारा संचालित बच्चों के लिए मैत्रीपूर्ण विधिक सेवाएं, बाल विवाह रोकथाम हेतु गठित आशा इकाई, स्थापित कंट्रोल रूम, अधिकार मित्र एवं पैनल अधिवक्ता गण द्वारा ग्राम पंचायत भर्ती किया जा रहे सर्वे के संबंध में जानकारी प्रदान की। द्वितीय चरण में बेजुबान पक्षियों के लिए परिंडे स्थापित कर उन्हें नियमित रूप से जल से भरे जाने का संकल्प लिया। तृतीय चरण में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन कर नीम, गूलर, अशोक, करंज जामुन आदि छायादार पौधे लगाए गए। अंतिम चरण में बाल विवाह रोकथाम के संबंध में जागरूक करने हेतु तालुका अध्यक्ष अंशिका दिनकर द्वारा रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। कार्यक्रम के अंत में तालुका अध्यक्ष द्वारा बच्चों की ओर से प्रस्तुत की गई प्रदर्शनी की सराहना करते हुए पोस्टर पेंटिंग में वर्णित पर्यावरण संरक्षण, बाल विवाह रोकथाम के कार्यक्रमों को जीवन में अपनाते हुए बेहतर शिक्षा प्राप्त किए जाने, सामाजिक कुरीतियों से दूर रहने, ऑनलाइन फ्रॉड साइबर आदि अपराधों के लिए न्याय प्रक्रिया का सहारा लिए जाने हेतु प्रेरित किया।


WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now