सूरौठ थाना क्षेत्र के कोटवास गांव में चोरों ने तीन मकानों को बनाया निशाना, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
सूरौठ। थाना क्षेत्र के कोटवास गांव में बुधवार देर रात चोरों ने एक ही रात में तीन अलग-अलग घरों को निशाना बनाकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात एवं नकदी चोरी कर ली। घटना से गांव में दहशत का माहौल है। गुरुवार सुबह परिजनों के जागने पर चोरी की वारदातों का पता चला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही जगर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीड़ित परिवारों की महिलाओं ने सूरौठ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहले घर से मंगलसूत्र और नकदी चोरी
पीड़िता सुनीता पत्नी हिम्मत सिंह जाटव ने रिपोर्ट में बताया कि रात करीब दो बजे चोर घर का ताला तोड़कर अंदर घुस गए। चोर सोने का मंगलसूत्र, सोने की कंठी, तीन जोड़ी चांदी की तोड़िया, चांदी की चुटकी तथा 10 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए।
दूसरे घर से लाखों के आभूषण उड़ाए
दूसरी पीड़िता राजो पत्नी राजेश जाटव ने बताया कि परिवार के सोने के दौरान चोर घर में घुस गए और बक्से का ताला तोड़कर तीन जोड़ी सोने के टीका, तीन जोड़ी मंगलसूत्र, तीन जोड़ी पायजेब, करधनी, तोड़िया, तीन सोने की अंगूठियां, चांदी का हाथ का कड़ा तथा 5 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए।
तीसरे घर से चार लाख रुपये नकद पर हाथ साफ
लक्ष्मी पत्नी दिनेश कश्यप ने पुलिस को बताया कि वह अपने पति के साथ छप्परपोश में सो रही थीं। इसी दौरान चोर पटोलपोश मकान में घुस गए और 4 लाख रुपये नकद, एक जोड़ी करधनी, एक जोड़ी पायजेब, एक सोने का पेंडल, एक सोने का ताबीज, दो जोड़ी तोड़िया, चार जोड़ी चुटकी, दो जोड़ी साठ एवं मंगलसूत्र चोरी कर ले गए।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने तीनों मामलों में चोरी का मुकदमा दर्ज कर अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक हरिराम को सौंपी गई है। वहीं, कोटवास सरपंच लोकेश कुमार ने पुलिस अधिकारियों से एक ही रात में हुई इन चोरी की वारदातों का शीघ्र खुलासा करने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
लगातार हुई इन चोरी की घटनाओं के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल है। लोगों ने क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
यह भी पढ़ें:
Karauli, Rajasthan
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।