नदबई में स्पीड ब्रेकर पर बस का एक्सल टूटा, दुल्हन के पिता समेत 8 घायल


स्पीड ब्रेकर पर तेज रफ्तार बस उछलने से पीछे के दोनों पहिए निकले, दो घायलों को गंभीर हालत में जिला मुख्यालय रेफर किया गया।

नदबई। नदबई-हलैना सड़क मार्ग पर गुरुवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। हलैना बाईपास तिराहे पर बने स्पीड ब्रेकर से तेज रफ्तार निजी बस उछल गई, जिससे बस का एक्सल टूट गया और पीछे के दोनों पहिए अलग होकर निकल गए। हादसे में दुल्हन के पिता और भाई सहित आठ लोग घायल हो गए। सभी घायलों को जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां से दो की गंभीर हालत को देखते हुए जिला मुख्यालय रेफर कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार जयपुर निवासी रिंकू सोनी की पुत्री प्राची सोनी का विवाह नदबई निवासी धर्मू सोनी पुत्र बबलू सोनी के साथ बुधवार रात संपन्न हुआ था। गुरुवार सुबह करीब 6:30 बजे विदाई के बाद परिजन और रिश्तेदार निजी बस से जयपुर लौट रहे थे।

स्पीड ब्रेकर पर उछली बस, टूट गया एक्सल

बताया गया कि हलैना बाईपास तिराहे पर बने स्पीड ब्रेकर से बस तेज गति में उछली, जिससे उसका एक्सल टूट गया। एक्सल टूटते ही बस के पीछे के दोनों पहिए निकलकर अलग हो गए। अचानक हुए हादसे से बस में चीख-पुकार मच गई।

गनीमत रही कि पहिए निकलने के बावजूद बस अनियंत्रित होकर पलटी नहीं, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर घायलों को बस से बाहर निकाला और अलग-अलग वाहनों से जिला चिकित्सालय पहुंचाया।

दुल्हन के पिता सहित आठ लोग घायल

हादसे में रिंकू सोनी, सन्नी सोनी, काजल, कामधनी देवी, पिंकी सोनी, कन्हैयालाल सोनी, प्रेम सोनी तथा जमुना देवी घायल हो गए।

इनमें पिंकी सोनी और कन्हैयालाल सोनी की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए जिला मुख्यालय रेफर किया गया।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। समाचार लिखे जाने तक इस संबंध में पुलिस थाने में कोई मामला दर्ज नहीं हुआ था। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *