मां इंदरगढ़ बिजासन सेवा समिति के तत्वावधान में सुंदरकांड, भजन, जागरण, ध्वजा यात्रा और विशाल भंडारे का होगा आयोजन।
गंगापुर सिटी। गंगापुर सिटी में गुप्त नवरात्र का समापन गुरुवार शाम कर्मचारी कॉलोनी स्थित गौरव मैरिज होम के सामने स्थित मां इंदरगढ़ दरबार में श्रद्धा और भक्ति के साथ हुआ। गुप्त नवरात्र के नवमी पर्व पर शाम 7 बजे संगीतमय सुंदरकांड पाठ का सामूहिक आयोजन किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने पूरे श्रद्धाभाव के साथ सुंदरकांड का श्रवण किया तथा माता रानी के भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
कार्यक्रम में सुंदरकांड के समापन के बाद माता रानी की आरती की गई तथा उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने कार्यक्रम में भाग लेकर धार्मिक आयोजन को सफल बनाया।
25 जुलाई को इंदरगढ़ के लिए रवाना होंगे श्रद्धालु
मां इंदरगढ़ बिजासन सेवा समिति के तत्वावधान में 25 जुलाई (शनिवार) को शाम 4 बजे कर्मचारी कॉलोनी स्थित गौरव मैरिज होम के सामने से सैकड़ों श्रद्धालु बसों के माध्यम से मां इंदरगढ़ दरबार, जिला बूंदी के लिए रवाना होंगे।
समिति के महामंत्री वेद प्रकाश मंगल ने बताया कि यात्रा में बड़ी संख्या में भक्त शामिल होंगे और पूरे धार्मिक उत्साह के साथ मां बिजासन के दरबार की यात्रा करेंगे।
रात्रि में होगा विशाल भगवती जागरण
महामंत्री वेद प्रकाश मंगल ने बताया कि 25 जुलाई की रात्रि 9 बजे से गंगापुर वालों की बीजासन धर्मशाला में माता रानी का भव्य दरबार सजाया जाएगा। इसके बाद विशाल भगवती जागरण का आयोजन होगा, जिसमें भजन मंडलियों द्वारा माता रानी के भजनों की प्रस्तुतियां दी जाएंगी और श्रद्धालु पूरी रात भक्ति रस में सराबोर रहेंगे।
ध्वजा यात्रा के साथ होंगे माता के दर्शन
उन्होंने बताया कि 26 जुलाई (रविवार) को प्रातः 7 बजे श्रद्धालु हाथों में ध्वजा लेकर ढोल-नगाड़ों और जयकारों के साथ मां बिजासन के दरबार के दर्शन के लिए प्रस्थान करेंगे। धार्मिक परंपरा के अनुसार माता रानी को भोग अर्पित किया जाएगा।
इसके बाद कन्या पूजन एवं कन्या भोज का आयोजन किया जाएगा। सभी धार्मिक अनुष्ठानों के पूर्ण होने के उपरांत बिजासन माता मंदिर परिसर के निकट श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारा आयोजित किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तजन प्रसादी ग्रहण करेंगे।
समिति ने सभी श्रद्धालुओं से समय पर पहुंचकर यात्रा, जागरण और धार्मिक आयोजनों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है।
यह भी पढ़ें:

Gangapur City, Rajasthan
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।