लखनऊ से जगद्गुरु शंकराचार्य का संबोधन सुन ग्रामीणों ने हस्ताक्षर अभियान चलाने और गांव-गांव जनजागरण का लिया संकल्प।
प्रयागराज। बेनीपुर में गौ माता को राष्ट्र माता बनाने का संकल्प उस समय गूंज उठा, जब जगतगुरु ज्योतिष्पीठाधीश्वर शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज के “गाय माता को राष्ट्र माता घोषित करो” अभियान के तहत लखनऊ से हो रहे लाइव प्रसारण को ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से सुना। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भागीदारी रही और गौ संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
जनपद के यमुनानगर अंतर्गत शंकरगढ़ क्षेत्र की ग्राम पंचायत बेनीपुर में आयोजित इस कार्यक्रम में ग्रामीणों ने शंकराचार्य के विचारों को ध्यानपूर्वक सुना। आयोजन के दौरान गौ संरक्षण, सनातन संस्कृति और सामाजिक जागरूकता से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई।
शंकराचार्य ने सात प्रमुख बिंदुओं पर रखा पक्ष
लखनऊ से लाइव प्रसारण के दौरान जगतगुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज ने अपने संबोधन में सात प्रमुख बिंदुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति की रक्षा, गौ संरक्षण और राष्ट्रीय चरित्र निर्माण के लिए प्रत्येक नागरिक को आगे आना चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से गाय माता को भारत की राष्ट्र माता घोषित किए जाने पर जोर देते हुए समाज से इस दिशा में जनजागरण करने का आह्वान किया।
ग्रामीणों ने हस्ताक्षर अभियान चलाने का लिया संकल्प
लाइव प्रसारण समाप्त होने के बाद बेनीपुर के ग्रामीणों ने एक स्वर में संकल्प लिया कि वे गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा दिलाने के समर्थन में हस्ताक्षर अभियान चलाएंगे तथा गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करेंगे।
ग्रामीणों ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गाय का विशेष स्थान है और उनके अनुसार गौ माता के सम्मान एवं संरक्षण के लिए समाज को एकजुट होकर कार्य करना चाहिए।
गौ माता की तस्वीर पर पुष्प अर्पित किए
कार्यक्रम के दौरान आयोजन स्थल पर गौ माता की तस्वीर स्थापित की गई, जिस पर उपस्थित लोगों ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धा व्यक्त की।
मौजूद लोगों ने कहा कि शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज के मार्गदर्शन में यह अभियान व्यापक जनसमर्थन प्राप्त कर रहा है और अब यह एक जन आंदोलन का स्वरूप लेता जा रहा है।
पूर्व जिला पंचायत सदस्य के आवास पर हुआ आयोजन
कार्यक्रम का आयोजन पूर्व जिला पंचायत सदस्य कुंजन लाल मिश्र के बेनीपुर स्थित आवास पर किया गया।
इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य कुंजन लाल मिश्र, रामायण प्रसाद त्रिपाठी, अरविंद कुमार उर्फ गुड्डा मिश्र, अशोक कुमार मिश्र, राकेश कुमार मिश्र, पिंटू शुक्ला, मनोज मिश्र, किरण कुमार मिश्र, नंदू यादव, जितेंद्र यादव, अंबिका पाल सहित गांव के वरिष्ठजन, महिलाएं एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें:

Prayagraj, Ouuta Pradesh
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।