रिमझिम बारिश, घने कोहरे और ठंड के बावजूद सरोवर नगरी में पर्यटकों की चहल-पहल जारी, छह मार्ग प्रभावित हुए।
नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल और आसपास के क्षेत्रों में पिछले कई दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। रिमझिम बारिश, घने कोहरे और ठंड के बावजूद दूर-दराज से पहुंचे पर्यटक नैनीताल की खूबसूरती का आनंद लेते हुए नौकाविहार का लुत्फ उठा रहे हैं।
नैनीताल के मौसम को लेकर अक्सर कहा जाता है कि यहां का मौसम कब बदल जाए, इसका अनुमान लगाना मुश्किल होता है। मंगलवार को भी कभी बारिश तो कभी कोहरे के बीच पर्यटकों की आवाजाही बनी रही। मौसम में थोड़ी राहत मिलते ही पर्यटक अपने होटलों से निकलकर घूमने-फिरने के लिए प्रमुख पर्यटन स्थलों पर पहुंच रहे हैं।
बारिश से छह मोटर मार्ग प्रभावित
देर रात हुई तेज बारिश के चलते जिले में छह मोटर मार्ग प्रभावित हुए हैं। इनमें चार ग्रामीण मार्ग, एक प्रमुख राज्य मार्ग और एक जिला मार्ग शामिल हैं। हालांकि किसी बड़े हादसे की सूचना नहीं मिली है।
सुबह के समय नैनीताल में घना कोहरा छाया रहा, जिसके कारण वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को सुरक्षा के लिए वाहनों की लाइट जलाकर आवागमन करना पड़ा।
स्कूलों में कम रही विद्यार्थियों की उपस्थिति
लगातार बारिश और खराब मौसम का असर जनजीवन पर भी दिखाई दिया। कई स्कूलों में विद्यार्थियों की उपस्थिति सामान्य दिनों की अपेक्षा कम रही। वहीं स्थानीय फुटपाथ व्यापारियों को भी बारिश के कारण परेशानी उठानी पड़ रही है।
ठंड बढ़ने से गर्म कपड़ों की खरीदारी बढ़ी
बारिश के चलते नैनीताल में ठंड का असर बढ़ गया है। स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटक भी गर्म कपड़ों की खरीदारी करते नजर आए। अधिकांश समय कोहरे की चादर में ढकी रहने वाली सरोवर नगरी का प्राकृतिक सौंदर्य पर्यटकों को आकर्षित कर रहा है।
दो दिन मौसम खराब रहने का अनुमान
उत्तराखंड मौसम विभाग ने आगामी दो दिनों तक मौसम खराब रहने की संभावना जताई है। बुधवार और गुरुवार को भी बारिश एवं बादलों का दौर जारी रहने का अनुमान है।
प्रशासन ने लोगों से मौसम को देखते हुए सावधानी बरतने की अपील की है।
यह भी पढ़ें:

नैनीताल, उत्तराखंड
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।