श्रीनाथजी मंदिर में पंचामृत अभिषेक कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना, गोवर्धन परिक्रमा क्षेत्र के धार्मिक स्थलों के संरक्षण के दिए निर्देश।
डीग। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बुधवार को डीग जिले के पूंछरी का लौठा पहुंचे, जहां उन्होंने संत-महंतों एवं गुरुओं का सम्मान कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। श्रीनाथजी मंदिर परिसर में आयोजित गुरु वंदन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न मंदिरों के महंतों को शॉल-दुपट्टा ओढ़ाकर एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया तथा भारतीय गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व को रेखांकित किया।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान ऐतिहासिक लक्ष्मण मंदिर के महंत पंडित मुरारी लाल पाराशर, महंत दाऊ मुखिया, चंद्र प्रकाश मुखिया, रमेश मुखिया, बाबा विजय दास भारती, ब्रह्मचारी राम पंडितजी कन्हैया मुखिया सहित अन्य संत-महंतों का अभिनंदन किया।
श्रीनाथजी मंदिर में पंचामृत से किया अभिषेक
इससे पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपनी धर्मपत्नी के साथ भगवान श्रीनाथजी एवं परिक्रमा मार्ग पर स्थित मुकुट मुखारविंद का पंचामृत से अभिषेक किया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति एवं जनकल्याण की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान सर्वोच्च है और गुरु पूर्णिमा का पर्व गुरुजनों के प्रति श्रद्धा एवं कृतज्ञता व्यक्त करने का महत्वपूर्ण अवसर है।
वर्षों से निभा रहे हैं गुरु वंदन की परंपरा
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा प्रत्येक वर्ष गुरु पूर्णिमा पर पूंछरी का लौठा पहुंचकर संत-महात्माओं का सम्मान करते हैं। इसी परंपरा का निर्वहन करते हुए उन्होंने इस वर्ष भी गुरुजनों का वंदन किया तथा श्रद्धालुओं के बीच भोजन प्रसादी भी वितरित की।
वन बिहारी जी मंदिर का किया अवलोकन
मुख्यमंत्री ने गोवर्धन परिक्रमा क्षेत्र के जतीपुरा स्थित श्री वन बिहारी जी मंदिर में भी दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने श्री अष्ट सखा गोविंद स्वामी जी बैठक, अष्ट द्वार तथा ऐतिहासिक ऐरावत कुंड का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों को मंदिर परिसर, बैठक स्थल तथा ऐरावत कुंड के जीर्णोद्धार, संरक्षण एवं सौंदर्यकरण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने श्रीनाथजी मंदिर में सपत्नीक मंगला दर्शन कर प्रदेश की निरंतर प्रगति एवं प्रदेशवासियों के सुखद भविष्य की कामना भी की।
इस अवसर पर गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म, विधायक डॉ. शैलेश सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें:

डीग, राजस्थान
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।