मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पहुंचे पूंछरी, गोवर्धन परिक्रमा कर श्रद्धालुओं को पिलाया पानी


सीएम भजनलाल शर्मा ने पूंछरी में गिरिराज महाराज के दर्शन कर हेलीकॉप्टर से गोवर्धन पर्वत की परिक्रमा की, प्याऊ-भंडारे में श्रद्धालुओं की सेवा की।

डीग। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बुधवार को पूंछरी का लौठा पहुंचे। मूंड़िया पूर्णिमा मेले के अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रसिद्ध तीर्थ स्थल पूंछरी पहुंचकर गिरिराज महाराज के दर्शन किए और हेलीकॉप्टर से गोवर्धन पर्वत की परिक्रमा की।

मुख्यमंत्री के आगमन पर गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म, विधायक डॉ. शैलेश सिंह तथा राजस्थान विरासत संरक्षण एवं संवर्धन प्राधिकरण के अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत ने उनकी अगवानी की। वहीं इंदिरा बेटी ग्राउंड पर बनाए गए हेलीपैड पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का स्वागत एवं अभिनंदन किया।

हेलीपैड पर कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत

मुख्यमंत्री के पूंछरी पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में उत्साह देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने पुष्पमाला पहनाकर और स्वागत कर मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया।

इसके बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सेफ हाउस पहुंचकर प्रशासनिक अधिकारियों के साथ चर्चा की और मेले की व्यवस्थाओं सहित अन्य विषयों की जानकारी ली।

प्याऊ-भंडारे में पहुंचकर की श्रद्धालुओं की सेवा

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा हर वर्ष की तरह इस बार भी मूंड़िया पूर्णिमा मेले के दौरान श्रद्धालुओं के लिए प्याऊ और भंडारे की व्यवस्था की गई है। मुख्यमंत्री स्वयं प्याऊ स्थल पर पहुंचे और श्रद्धालुओं को पानी पिलाकर सेवा कार्य में भागीदारी निभाई।

मुख्यमंत्री द्वारा श्रद्धालुओं को पानी पिलाते देख लोगों में खासा उत्साह दिखाई दिया। प्याऊ और भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी।

हर वर्ष करते हैं सेवा कार्य

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा हर वर्ष मूंड़िया पूर्णिमा मेले के अवसर पर पूंछरी पहुंचकर श्रद्धालुओं के लिए प्याऊ लगाते हैं और सेवा कार्य करते हैं। उनकी इस पहल को श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों द्वारा सराहा जाता है।

अधिकारी रहे मौजूद

इस अवसर पर आईजी डॉ. प्रीति चंद्रा, जिला कलेक्टर मयंक मनीष, एसपी कांबले शरण गोपीनाथ सहित प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मेले की व्यवस्थाओं और सुरक्षा इंतजामों की जानकारी भी ली।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *