होटल पीएफसी गार्डन में आयोजित समारोह में नई टीम ने जनसेवा, संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया।
भीलवाड़ा। लायंस क्लब भीलवाड़ा टेक्सटाइल सिटी की नवीन कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह होटल पीएफसी गार्डन में सेवा, संस्कार और सामाजिक सरोकारों से ओतप्रोत वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में वर्ष 2026-27 के लिए गठित नई टीम ने समाज सेवा, राष्ट्रभक्ति और जनकल्याण के क्षेत्र में समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प लिया।
समारोह में पदस्थापना अधिकारी एमजेएफ पीडीजी लॉयन श्यामसुंदर मंत्री ने नव निर्वाचित अध्यक्ष सत्यनारायण मंत्री, सचिव प्रकाश जोशी, कोषाध्यक्ष रमेश काकरवाल सहित क्लब की नवीन कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता एवं राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के पूजन तथा कलश स्थापना के साथ की गई।
सेवा और सामाजिक दायित्वों के लिए दिलाई शपथ
पदस्थापना अधिकारी श्यामसुंदर मंत्री ने सभी पदाधिकारियों को संस्कार, सेवा, समर्पण और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि लायंस क्लब का उद्देश्य केवल सेवा कार्य करना ही नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाना भी है।
उन्होंने नई कार्यकारिणी से वर्षभर जरूरतमंदों की सहायता, सामाजिक कार्यों और जनहित से जुड़े अभियानों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
35 महिलाओं को वितरित की राशन किट
शपथ ग्रहण समारोह के अवसर पर क्लब की ओर से सेवा कार्य के तहत 35 विधवा एवं पराश्रित महिलाओं को एक माह के उपयोग की संपूर्ण राशन किट वितरित की गई। इस सेवा कार्य की उपस्थित अतिथियों ने सराहना करते हुए क्लब की सामाजिक प्रतिबद्धता की प्रशंसा की।
अतिथियों ने विश्वास व्यक्त किया कि नई कार्यकारिणी आगामी वर्ष में सेवा, संस्कार और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करेगी।
लायंस सदस्यों को किया सम्मानित
समारोह में वर्षभर उत्कृष्ट सेवा कार्य करने वाले सदस्यों को डिस्ट्रिक्ट गवर्नर एमजेएफ निशांत जैन द्वारा प्रांतीय पिन प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही क्लब में चार नए सदस्यों का स्वागत किया गया तथा पांच सदस्यों के एमजेएफ (मेल्विन जोन्स फेलो) बनने की घोषणा की गई।
एमजेएफ सम्मान प्राप्त करने वालों में लॉयन अनिल गग्गड़, विजय डाड, कैलाश काबरा, चांदमल सोमानी एवं जितेंद्र सालेचा शामिल रहे।
विशिष्ट अतिथियों की रही उपस्थिति
समारोह के मुख्य अतिथि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर एमजेएफ निशांत जैन रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में पीडीजी दिलीप तोषनीवाल, संभागीय अध्यक्ष पवन पवार तथा क्षेत्रीय अध्यक्ष कैलाश काबरा उपस्थित रहे।
इसके अलावा विभिन्न लायंस क्लबों के पदाधिकारी, क्लब सदस्य और शहर के गणमान्य नागरिक भी समारोह में शामिल हुए।
उत्कृष्ट कार्यों के लिए सदस्यों का सम्मान
पदस्थापना अधिकारी लॉयन श्यामसुंदर मंत्री ने लॉयन अनिल गग्गड़ को संस्कार दिवस के सफल आयोजन तथा लॉयन चांदमल सोमानी को सत्र 2024-25 में चारभुजा में उत्कृष्ट कैबिनेट मीटिंग आयोजित करने पर प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया।
समारोह के अंत में क्लब के पूर्व अध्यक्ष लॉयन अनिल गग्गड़ ने सभी अतिथियों, आगंतुकों और सहयोगी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन सेवा, संस्कार और संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के संकल्प के साथ हुआ।
यह भी पढ़ें:
Bhilwara, Rajasthan
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।